इलेक्शन डेस्क
रांची : झारखंड की लोहरदगा लोकसभा सीट पर कांग्रेस ने अपने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रहे सुखदेव भगत को प्रत्याशी बनाया है. वहीं बीजेपी ने सुदर्शन भगत का टिकट काटकर समीर उरांव को चुनावी मैदान में उतारा है. वहीं महागठबंधन भी इस बार लोहरदगा सीट पर पूरी ताकत झोंक रही है इसलिए लोहरदगा सीट पर 2024 के चुनाव में मुकाबला दिलचस्प होने वाला है. 2019 के लोकसभा चुनाव में लोहरदगा से बीजेपी कैंडिडेट सुदर्शन भगत को जीत मिली थी. सुदर्शन भगत को 3 लाख 71 हजार 595 वोट मिले थे. वहीं कांग्रेस कैंडिडेट सुखदेव भगत ने 3 लाख 61 हजार 232 वोट लाकर दूसरा स्थान प्राप्त किया था. (नीचे भी पढे़ं)
सुखदेव भगत लोहरदगा से पूर्व में कांग्रेस की टिकट पर विधायक रह चुके हैं और वह कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भी थे. समीर उरांव बिशुनपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़े थे लेकिन वे झामुमो नेता चमरा लिंडा को शिकस्त देने में कामयाब नहीं रहे. बाद में झारखंड से राज्यसभा सांसद चुने गए. समीर उरांव झारखंड से राज्यसभा सांसद थे और अब भाजपा एसटी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं. लोहरदगा लोकसभा के अंतर्गत पांच विधानसभा गुमला, बिसुनपुर, मांदर, लोहरदगा और सिसई है. सभी सीटों पर इंडिया एलाइंस का कब्जा है इसका सीधा लाभ सुखदेव भगत को मिल सकता है..यहां कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला होता आया है. इस बार भी कुछ वैसे ही हालात नजर आ रहे हैं




