सरायकेला: सरायकेला जिले के ईचागढ़ प्रखंड के झाडुवा मोड़ पर बुधवार को झारखंड के पूर्व उप मुख्यमंत्री स्व. सुधीर महतो के आदमकद प्रतिमा का अनावरण विधायक सह दिवंगत डिप्टी सीएम की धर्मपत्नी सविता महतो ने किया. इस मौके पर झामुमो केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य चारु चांद किस्कू, क़ाबलू महतो, दिवंगत डिप्टी सीएम की पुत्री स्नेहा महतो, झामुमो नेता ओमप्रकाश लायक, प्रखंड अध्यक्ष निताई उरांव, कृष्ण किशोर महतो, कृतिवास महतो, अमित सिन्हा, नरेन गोप, सपन सिंहदेव, पशुपति बागची, मंत्री महतो आदि झामुमो के सैकड़ो कार्यकर्ता उपस्थित थे. इस दौरान विधायक सविता महतो ने ईचागढ़ वासियों के प्रति आभार जताया और कहा कि उनके दिवंगत पति द्वारा किए गए कार्यों के आधार पर आज ईचागढ़ की जनता ने उन्हें जो प्यार दिया है उसे भूल पाना संभव नहीं है. मैं हर वक्त ईचागढ़ की जनता के लिए खड़ी हूं. मालूम हो कि आज दिवंगत सुधीर महतो की 69वीं जयंती भी है. इस मौके पर राज्य भर में कई कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)

इसी कड़ी में जमशेदपुर के उलियान स्थित शहीद निर्मल महतो स्टेडियम में स्थापित स्वर्गीय सुधीर महतो की प्रतिमा पर झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने फूलमाला चढ़कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में राज्य के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन, झामुमो केंद्रीय प्रवक्ता मोहन कर्मकार, पूर्व सांसद सुमन महतो, झामुमो नेता सह बहरागोड़ा के पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी, सहित कई बड़े नेता और कार्यकर्ता एवं स्व. सुधीर महतो के पारिवारिक सदस्य शामिल हुए. मौके पर मंत्री रामदास सोरेन ने बताया कि अलग झारखंड राज्य के आंदोलन में शहीद निर्मल महतो के परिवार की कुर्बानी को भुलाया नहीं जा सकता है. झारखंड मुक्ति मोर्चा की सरकार ने शहीद परिवार को सम्मान देने का काम किया. पूर्व डिप्टी सीएम स्वर्गीय सुधीर महतो ने राज्य के विकास में अहम योगदान दिया है. आज उनकी पत्नी ईचागढ़ से विधायक है और उनके द्वारा तैयार किए गए विकास के रोड मैप को आगे बढ़ा रही है. पार्टी सदैव शहीद परिवार के साथ खड़ी है.



