
रांची : झारखंड की हेमंत सोरेन की सरकार ने नयी पहल की है. कोरोना को लेकर मरीजों को सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य के सर्वाधिक प्रभावित जिले रांची और जमशेदपुर को जोड़ने के लिए कोविड सर्किट की शुरुआत की. शनिवार को उन्होंने इसका उदघाटन किया. कोविड सर्किट के जरिये कोरोना पोजिटिव मरीज या उनके परिवार इलाज और अस्पताल के साथ साथ बेड से संबंधित जानकारी हासिल कर सकते है. इसके लिए लोगों को सीधे 104 नंबर डायल करना होगा. वहां से लोगों को जानकारी मिल जायेगी कि कहां बेड उपलब्ध हो सकता है और कहां सुविधाएं मिल सकती है. (नीचे पूरी खबर देखे और वीडियो देखें.)
इसके उदघाटन पर अपने संबोधन में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि कोरोना के प्रसार को देखते हुए कई जिलों में इसकी शुरुआत की जायेगी और कोविड सर्किट बनायी जायेगी. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बताया कि करीब छह जिले में इसको बनाया जायेगा, जिसका आकलन किया जा रहा है. उन्हों ने बताया कि लोगों को जानकारी उपलब्ध नहीं होने के कारण सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है. हालात यह है कि जमशेदपुर के मरीज को सरायकेला-खरसावां और पश्चिम सिंहभूम की चिकित्सा व्यवस्था की जानकारी नहीं है. इससे लोगों को बेड भी मिलेगा और नजदीक में सुविधाएं भी मिल सकेगी. इससे जमशेदपुर और रांची पर लोड कम हो सकेगा. जरूरत के अनुसार मरीजों को ट्रांस्फर भी किया जा सकेगा. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि लोगों को बेड और ऑक्सीजन की परेशानी से निजात दिलाने के लिए यह कदम उठाया गया है. कोविड सर्किट की व्यवस्था से लोगों को एक नंबर पर ही सारी जानकारी मिल जाया करेगी. इससे लोग जान सकेंगे कि कहां बेड खाली है और कहां वे जा सकते है या फिर निकटतम जिला में उनके पास क्या चिकित्सा सुविधा उपलब्ध है. उन्होंने बताया कि अभी भी 450 बेड खाली है, झारखंड में, इसलिए बहुत ज्यादा पैनिक होने की जरूरत नहीं है. इस मौके पर प्रभारी स्वास्थ्य सचिव अरुण कुमार सिंह समेत कई अन्य लोग मौजूद थे. इस मौके पर मरीजों को ले जाने वाली एंबुलेंस को भी उन्होंने रवाना किया.

















