
जमशेदपुर : झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू जमशेदपुर पहुंची. जहां परसुडीह के हलुदबनी स्थित बाबा तिलकागढ़ स्टेडियम में आयोजित शहीद बाबा तिलका मांझी के 270 वीं जयंती समारोह पर आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता का विधिवत उदघाटन किया. राज्यपाल ने उदघाटन सत्र में हिस्सा लेने के बाद मीडियाकर्मियों से बातें करते हुए कहा कि झारखंड के इतिहास को फिर से लिखने की आवश्यकता है.
उन्होंने बताया कि अंग्रेजी हुकूमत के दौरान आदिवासियों ने संघर्ष किया था उसे इतिहास में सही स्थान नहीं दिया गया है इसलिए आदिवासियों के आंदोलनों पर एक बार फिर से रिसर्च करने की जरूरत है. वहीं राज्यपाल ने आदिवासी समाज के युवाओं को नशा से दूर रहने की अपील की और कहा कि हड़िया-दारू को आदिवासियों को प्रसाद के रुप में लेना चाहिए, इसको रोज लेंगे तो शरीर खराब हो जायेगा. आदिवासी समाज के लोगों को नशा से दूर रहना चाहिए.
इस दौरान राज्यपाल के साथ पूर्व सांसद कृष्णा मार्डी, जिला परिषद के उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह, उपायुक्त रविशंकर शुक्ला समेत अन्य लोग मौजूद थे. खेलकूद प्रतियोगिता में कोल्हान के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे है. इस कार्यक्रम को सफल बनाने में स्थानीय युवाओं का दल लगा हुआ है.







