
पलामू : जिला मुख्यालय मेदिनीनगर में सेक्स रैकेट चलता है, जो लड़कियों और महिलाओं से देह व्यापार कराता है। पुलिस ने देह व्यापार कराने वाले गिरोह के आठ दलालों को गिरफ्तार किया है, जिनमें पांच महिला और तीन पुरुष हैं। गिरफ्तार सभी का काम डिमांड के अनुसार लड़की मुहैया कराना था।
शहर और इसके आसपास के इलाकों में पुलिस ने कई ठिकानों पर छापेमारी की। अलग-अलग इलाकों से सभी को गिरफ्तार किया गया। दलालों के पास से पुलिस को बड़ी संख्या में लड़कियों और ग्राहकों के फोन नंबर मिला है। पुलिस उसकी जांच में जुटी है।
मेदिनीनगर में काफी बड़ा है सेक्स रैकेट का नेटवर्क
सदर सीडीपीओ संदीप गुप्ता ने बताया कि इस शहर में देह व्यापार का नेटवर्क काफी बड़ा है। इसमें शामिल लड़कियों के बारे में पता लगाया जा रहा है। छापेमारी में मिले फोन नंबर के जरिये पुलिस उन तक पहुंचने में लगी है। पुलिस की कार्रवाई में उन घरों और होटलों का पता लगा है जहां से यह धंधा फल-फूल रहा है। इस धंधे के लिए निजी घर से लेकर किराए तक के घर का इस्तेमाल हो रहा था। इस रैकेट में 60 से ज्यादा महिला-पुरुष शामिल हैं।
यहां सरकारी टीचर भी चला चुकी है रैकेट
मेदिनीनगर शहर में देह व्यापार कोई नई बात नहीं है। करीब 8 वर्ष पहले शहर के वीआईपी इलाके में एक सेक्स रैकेट का खुलासा हुआ था। जिसे चलाने वाली महिला सरकारी शिक्षिका थी और उसकी पहुंच और पकड़ काफी ऊपर तक थी। उसके घर में देह व्यापार का धंधा चलता था। लेकिन सबकुछ जानते हुए भी पुलिस ने उस पर कभी कोई कार्रवाई नहीं की। इस बार पुलिस देह व्यापार के दलालों के मामले में काफी गोपनीयता के साथ काम कर रही है। नियमों और सामाजिक व्यवस्था की बात कहते हुए न ही पकड़े जाने वालों के नाम का खुलासा कर रही है और न ही यह बता रही है कि संबद्ध लोगों को किस स्थान से पकड़ा गया है? पुलिस की इस कार्रवाई के बाद देखना दिलचस्प होगा कि शहर में लगने वाला यह बाजार कितने दिनों तक बंद होगा।






