
रांची: झारखंड में सत्ताधारी दलों में राज्य में 20 सूत्री कमेटी गठन को लेकर अब कांग्रेस के बाद झामुमो भी सक्रिय हो गयी है. इसके गठन को लेकर बुधवार को मंत्री चंपाई सोरेन के आवास पर 20 सूत्री कमेटी के गठन को लेकर कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष और विधायक स्टीफन मरांडी के नेतृत्व में झामुमो के दिग्गजों की बैठक हुई.मंत्री चंपाई सोरेन ने बताया कि झामुमो ने जो एक फ़ॉर्मूला तय किया है जिसे पार्टी सुप्रीमो शिबू सोरेन और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पास रखा जाएगा. कहा कि जल्द ही महागठबंधन के सभी दलों के साथ इस मुद्दे को लेकर बैठक होगी और 20 सूत्री कमेटी का गठन कर लिया जाएगा. उन्होंने कहा कि सभी दलों की सहमति से इस कमेटी का गठन होगा. विदित हो कि हेमंत सरकार का एक साल पूरा होने पर यह तय हुआ था कि बीस सूत्री कमेटियों के पदों का बंटवारा सत्तारूढ़ गठबंधन के घटक दलों के बीच होगा. जनवरी में इस प्रक्रिया को पूरा किया जाना था, लेकिन कोरोना की दूसरी लहर का असर इसपर पड़ा. नतीजा यह हुआ कि कांग्रेस विधायकों ने बीस सूत्री कमेटियों के साथ-साथ बोर्ड, निगम के लिए भी मांग शुरू कर दी. इसके बाद तय हुआ कि पहले बीस सूत्री कमेटियों में निचले स्तर के नेताओं-कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी जाएगी.
13-10-01 के फार्मूले को लेकर आगे बढ़ रहा है महागठबंधन
अभी तक के फार्मूले के मुताबिक तय किया गया है कि 13 जिलों में झारखंड मुक्ति मोर्चा के खाते में जिलों की कमेटियां आएंगी. वहीं कांग्रेस के खाते में 10 और राजद के खाते में एक जिला की कमेटी आएगी. इसपर अंतिम फैसला होना बाकी है. यह भी सुझाव दिया गया है कि जिन जिलों में जिस दल से ताल्लुक रखने वाले मंत्री प्रभारी हैं, वहां साथी दल को उपाध्यक्ष का पद दिया जाए. इसी प्रकार जिस विधानसभा क्षेत्र के प्रखंडों में गठबंधन के दलों ने जीत हासिल की है, उस दल के नेता-कार्यकर्ता को प्रखंड अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी जाए. पेंच उन स्थानों पर फंसा है, जहां गठबंधन दल दूसरे स्थान पर रहे हैं.फार्मूला निकाला जा रहा है कि उक्त दल को वहां पद दिया जाए. राष्ट्रीय जनता दल ने सात सीटों और 29 प्रखंडों पर दावा ठोक रखा है. राजद ने इसके लिए दबाव बनाया है, हालांकि झारखंड मुक्ति मोर्चा का कहना है कि हिस्सेदारी के हिसाब से सभी दलों की भागीदारी तय की जाएगी. इसमें किसी प्रकार की परेशानी आड़े नहीं आएगी. फार्मूला तय होने के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा, कांग्रेस और राजद के वरीय नेता इसकी घोषणा करेंगे.




