दुमका : झारखंड की उपराजधानी दुमका में हिंदुओं के फायर ब्रांड नेता और अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ प्रवीण तोगड़िया ने हिस्सा लिया. उन्होंने यहां विराट सम्मेलन को संबोधित किया. दुमका के यज्ञ मैदान में आयोजित इस सम्मेलन में उन्होंने बांग्लादेशी घुसपैठ को लेकर सरकार पर निशाना साधा. वहीं हिंदू बंटा तो कमजोर हुआ, एकजुटता ही इसकी ताकत है का नारा दिया. इसके अलावा सम्मेलन में तीन बच्चे हिंदू सच्चे जैसे नारों के साथ जनसंख्या संतुलन पर भी चर्चा की गयी. जनसंख्या नियंत्रण को लेकर कानून बनाने पर भी जोर दिया. डॉ तोगड़िया ने गांव-गांव में मंगलवार और शनिवार को हनुमान चालीसा का पाठ कराने का आह्वान किया. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि इससे समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होगा और एकजुटता मजबूत होगी. उन्होंने शिक्षा और रोजगार के मुद्दों को उठाते हुए कहा कि युवाओं को सुरक्षित, सस्ती और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलनी चाहिए तथा पढ़ाई के बाद रोजगार के अवसर सुनिश्चित किए जाने चाहिए. किसानों के लिए फसल का उचित मूल्य दिलाने की भी बात कही. उन्होंने कहा कि इस समस्या पर सख्त कार्रवाई जरूरी है और समय रहते ठोस कदम उठाने होंगे. कहा कि बांग्लादेशी समय पर न निकाले गये तो वे हमें ही निकाल देंगे. उन्होंने लोगों से अपने दैनिक जीवन में हिंदुत्व से जुड़े संस्कार अपनाने की अपील की. सुबह उठकर माता-पिता का सम्मान करने, मंदिर जाने, पशु-पक्षियों के प्रति दया भाव रखने, गाय को रोटी और चिड़िया को दाना देने और परिवार के साथ मिलकर शाम का भोजन करने की बात कही.



