रांची : लोकसभा चुनाव 2024 और झारखंड विधानसभा चुनाव में अभी 1 साल बाकी है लेकिन प्रदेश में सभी राजनीतिक दल अपनी अपनी तैयारी में जुट गए हैं. सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस की बात हो या बीजेपी की या आजसू पार्टी की. सभी राजनीतिक दल अलग-अलग कार्यक्रमों के साथ सड़क पर हैं. सब में अपने आप को जनता का सबसे ज्यादा हितैषी बताने की होड़ लगी है. कहीं सामाजिक न्याय यात्रा निकाली जा रही है तो कोई भ्रष्टाचार विरोधी मुहिम में लगा है. किसी ने 1932 का खतियान लागू कराने का बीड़ा उठाया है कोई बेरोजगारी की बात कर रहा है.
भाजपा का सचिवालय घेराव कार्यक्रम

विदित हो कि 11 अप्रैल को राज्यभर से कार्यकर्ताओं को बुलाकर शीर्ष नेताओं की अगुवाई में झारखंड विधानसभा सचिवालय का घेराव करना दरअसल, भाजपा की ओर से शक्ति प्रदर्शन ही कहा जाएगा. बता दें कि 11 अप्रैल को भाजपा के सचिवालय घेराव कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी, पूर्व सीएम सह राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, सभी सांसद और विधायक जुटे थे. यह एक तरह से भाजपा का शक्ति प्रदर्शन ही था.
खतियान के सहारे झारखंड मुक्ति मोर्चा

सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा तो पार्टी संगठन की ओर से अभी किसी कार्यक्रम का आयोजन नहीं कर रही लेकिन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अलग-अलग प्रमंडलों के ताबड़तोड़ दौरे कर रहे हैं. अभी हाल ही में मुख्यमंत्री संतालपरगना के दौरे पर थे. 10 अप्रैल को उन्होंने गोड्डा में करोड़ों की परियोजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास किया. वहीं 11 अप्रैल को जहां एक ओर भाजपा राज्य सरकार के खिलाफ राजधानी में सड़कों पर थी उसी दिन साहिबगंज के एतिहासिक भोगनाडीह में हेमंत सोरेन पार्टी में सेंधमारी कर रहे थे. दरअसल, 11 अप्रैल को ही बीजेपी के कद्दावार नेता हेमलाल मुर्मू ने झामुमो ज्वॉइन कर लिया. हेमलाल मुर्मू पहले झामुमो में ही थे. 2 बार मंत्री भी रहे लेकिन 9 साल से बीजेपी की राजनीति कर रहे थे. इससे कुछ माह पहले तक हेमंत सोरेन खतियानी जोहार यात्रा के जरिए 1932 को लेकर आदिवासी जनभावना की टोह ले रहे थे.
जय भारत सत्याग्रह बना कांग्रेस का हथियार

कांग्रेस पार्टी ने राहुल गांधी को मोदी सरनेम मामले में सूरत जिला अदालत द्वारा 2 साल की सजा सुनाये जाने और उसके बाद उनकी लोकसभा की सदस्यता रद्द किए जाने के बाद जय भारत सत्याग्रह यात्रा निकाली है. 1950 किमी की प्रस्तावित इस यात्रा को झारखंड में सफल बनाने के उद्देश्य से प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय यहीं डेरा डाले हुए हैं. झारखंड कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता राजीव रंजन के मुताबिक अब तक झारखंड के 24 में से 19 जिलों में जय भारत यात्रा का सफल आयोजन किया जा चुका है. कार्यक्रम में अपेक्षित भीड़ भी उमड़ी और इससे जनभावना का पता भी चला. इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता कि झारखंड में जय भारत यात्रा के दौरान कांग्रेस पार्टी जनता की नब्ज टटोल रही होगी.
सामाजिक न्याय यात्रा से आजसू का आगाज

आजसू पार्टी, रामगढ़ उपचुनाव के साथ ही एनडीए के खेमे में आ चुकी है. दोनों ही पार्टियों के शीर्ष नेता कह चुके हैं कि चुनावी राजनीति में एक से भले दो होते हैं. 2019 के विधानसभा चुनाव में मिले सबक का रामगढ़ में लिटमस टेस्ट हो चुका है. यहां, एनडीए की ओर से आजसू की प्रत्याशी सुनीता चौधरी ने जीत हासिल की. चुनाव पूर्व गठबंधन तय है, लेकिन अभी फिलहाल आजसू पार्टी, अपने सहयोगी बीजेपी से अलग सामाजिक न्याय यात्रा के जरिए जनता के बीच पहुंचने के प्रयास में जुटी है. आजसू पार्टी के सुप्रीमो सुदेश महतो ने 13 अप्रैल को सामाजिक न्याय यात्रा के दौरान कहा कि यदि हेमंत सोरेन कुछ और वक्त तक सत्ता पर काबिज रहे तो झारखंड आर्थिक, राजनीतिक और सामाजिक मोर्चों पर पंगु हो जाएगा. उन्होंने हेमंत सोरेन सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए युवाओं को छलने का आरोप लगाया. कहा कि हेमंत सरकार ने अपने मेनिफेस्टो का 1 भी वायदा पूरा नहीं किया.















