रांची : झारखंड की राजधानी रांची के हरमू स्थित सोहराय भवन में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में झामुमो केंद्रीय समिति की बैठक हुई. बैठक में एमएमडीआर संशोधन विधेयक-2026 को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ बड़े जन-आंदोलन का फैसला लिया गया. हेमंत सोरेन ने विधेयक को झारखंड के अधिकारों पर हमला बताते हुए काला बिल करार दिया. बैठक में संगठन को मजबूत करने, आगामी राजनीतिक गतिविधियों और एमएमडीआर संशोधन विधेयक 2026 के विरोध में प्रस्तावित आंदोलन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गयी. पार्टी नेताओं ने बैठक में संगठन की मौजूदा स्थिति की समीक्षा की और जमीनी स्तर पर संगठन को और मजबूत करने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देशों पर चर्चा की. (नीचे भी पढे)

बैठक में एमएमडीआर संशोधन विधेयक 2026 के खिलाफ प्रस्तावित आंदोलन को लेकर विशेष रूप से चर्चा की गयी. पार्टी नेताओं ने विधेयक के राजनीतिक प्रभाव और इसके विरोध में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विचार-विमर्श किया. कार्यकर्ताओं को आंदोलन से जुड़े कार्यक्रमों के लिए तैयार करने और संगठन के माध्यम से मुद्दे को जमीनी स्तर तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया. केंद्रीय समिति की बैठक में पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया. आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों और आंदोलनों को लेकर कार्यकर्ताओं की भूमिका तथा तैयारियों पर भी चर्चा हुई. पार्टी नेताओं के अनुसार, केंद्र सरकार की नीतियों और प्रस्तावित विधायी बदलावों के राजनीतिक प्रभाव को लेकर भी बैठक में विचार साझा किये गये. बैठक के दौरान मंच पर सारे केंद्रीय नेता और पदाधिकारी मौजूद थे.




