
रांची: राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद को बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले जाया जाएगा. शाम करीब छह बजे चार्टर्ड प्लेन से उन्हें दिल्ली ले जाया जाएगा. मेडिकल बोर्ड ने इसकी मंजूरी दे दी है. लालू की तबीयत लगातार बिगड़ रही है. इससे पूर्व लालू को दूसरे अस्पताल शिफ्ट करने के लिए आठ सदस्यीय मेडिकल बोर्ड का गठन किया गया. इन सदस्यों में अलग-अलग विभाग के डॉक्टर हैं. मेडिकल बोर्ड की बैठक के बाद लालू प्रसाद को बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले जाने की सहमति बनी.

आधे घंटे में कागजी प्रक्रिया और सुरक्षा संबंधित सभी व्यवस्था हो जाना है. लालू का इलाज कर रहे डा उमेश प्रसाद ने कहा कि उनकी स्थिति गंभीर है, बेहतर इलाज के लिए उन्हे दिल्ली एम्स रेफर कर दिया गया है. ताकि वहां पर उनका सही इलाज हो सके. इधर, शनिवार को भी राबड़ी देव अपने पति लालू प्रसाद से मिलने रिम्स पहुंची. वे 10:32 बजे रिम्स पहुंची. शुक्रवार देर रात 12:40 बजे पेइंग वार्ड से निकलने के बाद सपरिवार होटल रेडिसन ब्लू चली गई थी. राबड़ी शनिवार सुबह बगैर नाश्ता किए रिम्स पहुंची. राबड़ी ने लालू के साथ नाश्ता किया. कृषि मंत्री बादल पत्रलेख भी लालू से मुलाकात करने रिम्स पहुंचे. इसके बाद मीसा भारती भी पिता से मिलने पहुंची. तेजस्वी ने कहा कि जब तक पिता की पूरी जांच रिपोर्ट नहीं आ जाती है तब तक वह रांची में ही रहेंगे. तेजस्वी ने कहा कि पिता पहले से कई तरह की बीमारी से पीड़ित हैं. उनका क्रिएटिनिन लेवल लगातार बढ़ रहा है. किडनी मात्र 25फीदसी ही काम कर रही है. ऐसे में निश्चित तौर पर उन्हें और बेहतर इलाज की जरूरत है. इसके बाद लालू के दोनों पुत्र तेजस्वी व तेज प्रताप ने झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन से मुलाकात की.





