लातेहार: लातेहार के सलैया जंगल में शुक्रवार देर रात पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई. इस मुठभेड़ में झारखंड जनमुक्ति परिषद (जेजेएमपी) के शीर्ष नक्सली कमांडर पप्पू लोहरा समेत 2 नक्सली मारे गए. पलामू रेंज के डीआईजी वाई एस रमेश ने इसकी पुष्टि की है. पप्पू लोहरा पर 10 लाख का इनाम था.लातेहार एसपी कुमार गौरव ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि सलैया जंगल के पास कुछ नक्सली छिपे हुए है.सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया. इस दौरान नक्सलियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, इसके बाद पुलिस ने भी जबावी कार्रवाई करते हुए फायरिंग शुरू कर दी. (नीचे भी पढ़े)
करीब आधे घंटे तक चली मुठभेड़ में पुलिस ने 2 नक्सलियों को मार गिराया. मारे गए नक्सलियों में संगठन का नेता पप्पू लोहरा भी शामिल है, जो लंबे समय से क्षेत्र में सक्रिय था. डीआईजी वाई एस रमेश ने बताया कि मौके से दोनों नक्सलियों के शव बरामद कर लिए गए हैं. पूरे इलाके में पुलिस सर्च अभियान चला रही है, ताकि अन्य नक्सलियों का भी पता लगाया जा सके. बताया जा रहा है कि जेजेएमपी संगठन लातेहार और आसपास के इलाकों में लंबे समय से सक्रिय था. पुलिस ने हाल के दिनों में संगठन के खिलाफ सख्त अभियान चला रखा है. घटना के बाद सलैया जंगल और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है, ताकि कोई भी नक्सली बचकर भाग न सके. पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि मारे गए नक्सलियों के पास से क्या-क्या हथियार या दस्तावेज मिले हैं.











