रांची : झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन चुनाव के लिए धनबाद केंद्र में आगामी 27 अप्रैल को पुनर्मतदान होगा. चुनाव आयोजन समिति ने इस संबंध में पत्र जारी कर धनबाद मतदान केंद्र के पीठासीन पदाधिकारी एवं सभी मतदाताओं को भी सूचित कर दिया है. (नीचे भी पढ़ें)
बताते चलें कि झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए विगत 13 अप्रैल को पूरे राज्य में 28 केंद्रों पर मतदान संपन्न हुआ था. मतदान के पश्चात अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ रहे दोनों प्रत्याशियों, बसंत कुमार मित्तल एवं रमेश चंद्र अग्रवाल ने राज्य के कतिपय मतदान केंद्रों पर मतदान में अनियमितता बरते जाने का आरोप लगाते हुए संबंधित मतदान केंद्रों का मतदान रद्द कर वहां पुनर्मतदान आयोजित कराने की मांग की थी. इसके बाद मुख्य चुनाव पदाधिकारी विनय सरावगी के नेतृत्व में चुनाव संचालन समिति ने संबंधित मतदान केंद्रों पर हुए मतदान की जांच कराई. जांच में धनबाद मतदान केंद्र पर मतदान में गड़बड़ी की पुष्टि होने के बाद वहां का मतदान रद्द घोषित करते हुए वहां के पीठासीन पदाधिकारी से पुनर्मतदान के आयोजन की तिथि तय करने के लिए जानकारी मांगी थी. (नीचे भी पढ़ें)
श्री सरावगी ने शुक्रवार को आगामी 27 अप्रैल को धनबाद केंद्र पर पुनर्मतदान कराने की तिथि निर्धारित कर दी. श्री सरावगी ने इस संबंध में धनबाद के पीठासीन पदाधिकारी को पुनर्मतदान की अधिसूचना भी जारी कर दी है.



