रांची : सुरेश चंद्र अग्रवाल झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के नये अध्यक्ष निर्वाचित घोषित हुए हैं. उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी, झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन चुनाव के लिए मतदान के पश्चात आज हुई मतगणना में वर्तमान अध्यक्ष बसंत कुमार मित्तल को 499 मतों के अंतर से पराजित किया. वर्तमान अध्यक्ष बसंत कुमार मित्तल को जहां चुनाव में कुल 1352 मत मिले, वहीं सुरेश चंद्र अग्रवाल ने कुल 1851 मत हासिल कर उन्हें 499 मतों से पराजित किया. मतदान में पड़े कुल 3269 मतों में से 66 मत रद्द घोषित कर दिये गये.(नीचे भी पढ़ें)

बताते चलें कि झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए विगत 13 अप्रैल को संपन्न हुए मतदान एवं धनबाद मतदान केंद्र पर 27 अप्रैल को संपन्न पुनर्मतदान के परिणामों की आज मतगणना के पश्चात औपचारिक घोषणा की गई, जिसमें सुरेश चंद्र अग्रवाल ने शानदार विजय प्राप्त करते हुए अपने प्रतिद्वंद्वी, वर्तमान अध्यक्ष बसंत कुमार मित्तल को बड़े अंतर से पराजित किया. राज्य के सभी जिलों में मतदाताओं ने अत्यंत उत्साहपूर्ण वातावरण में समाज के हज़ारों सदस्यों ने बढ़-चढ़कर मतदान किया था. मतों की गणना निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण तरीके से पूरी हुई, जिसके लिए चुनाव समिति की सराहना की गई. (नीचे भी पढ़ें)

दोनों प्रत्याशियों को प्रमंडलवार मिले मतों का विवरण इस प्रकार है :-
प्रमंडल बसंत मित्तल – सुरेशचंद्र अग्रवाल- अवैध घोषित मत – कुल मतदान
संताल परगना प्रमंडल – 229 – 181 – 2 – 412
रांची प्रमंडल – 277 – 421 – 7 – 705
कोल्हान प्रमंडल – 509 – 434 – 24 – 967
हजारीबाग प्रमंडल – 129 – 180 – 05 – 314
धनबाद प्रमंडल – 180 – 616 – 26 – 822
पलामू प्रमंडल – 28 – 19 – 02 – 49
कुल – 1352 – 1851 – 66 – 3269
मतगणना के पश्चात मुख्य चुनाव पदाधिकारी विनय सरावगी ने अपने एवं अन्य चुनाव पदाधिकारियों के हस्ताक्षर के साथ चुनाव परिणाम की औपचारिक घोषणा की. उधर चुनाव परिणाम घोषित होने के पश्चात विजेता घोषित सुरेश चंद्र अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि यह जीत उनकी नहीं, पूरे झारखंड मारवाड़ी समाज के विश्वास, एकता और प्रगति की जीत है. उन्होंने इसके लिए सभी सदस्यों का आभार जताया,स जिन्होंने उनपर विश्वास जताया. उन्होंने अपने कार्यकाल में संगठन को और मजबूत करने एवं युवा वर्ग को जोड़ने के लिए विशेष प्रयास करने की घोषणा की. इसके साथ ही उन्होंने सामाजिक सेवा और विकास की दिशा में सभी को साथ लेकर काम करने का भी ऐलान किया. (नीचे भी पढ़ें)
इस अवसर पर धनबाद जिला मारवाड़ी सम्मेलन अध्यक्ष कृष्णा अग्रवाल, पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष मुकेश मित्तल एवं रांची जिला मारवाड़ी सम्मेलन अध्यक्ष ललित पोद्दार ने संयुक्त रूप से बयान जारी कर कहा कि सुरेश चंद्र अग्रवाल की अभूतपूर्व जीत से ऐसा प्रतीत होता है कि सुरेश जी समाज को जोड़ने की प्रवृत्ति से समाज को एक नई दिशा प्रदान करते हुए मारवाड़ी समाज के गौरवमपूर्ण इतिहास को पुनः स्थापित करेंगें.














