
जमशेदपुर : झारखंड विधानसभा में झारखंड सरकार ने मॉब लिंचिंग कानून को पारित करा दिया है. इस कदम की सराहना की जा रही है. इस मसले को लेकर झामुमो के वरिष्ठ नेता और मुसलिम समुदाय के बड़े नेता हिदायतुल्लाह खान ने तारीफ की है. श्री खान ने कहा है कि मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने जो भी वादा किया उसे हमेशा निभाया है. आज झारखंड विधानसभा से ‘मॉब लिंचिंग रोकथाम विधेयक-2021′ पारित किए जाने का स्वागत करते हुए झामुमो के वरिष्ठ नेता हाजी हिदायतुल्लाह खान ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को धन्यवाद देते हुए आभार व्यक्त किया है. हाजी हिदायतुल्लाह खान ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने उस पीड़ा को महसूस किया है जिनके परिजन मॉब लिंचिंग का शिकार हुए. उन्होंने कहा कि मॉब लिंचिंग रोकथाम विधेयक-2021’ पारित होने से राज्य में अब मॉब लिंचिंग की घटनाओं पर अंकुश लग सकेगा. जनहित में पारित किए गए इस विधेयक से अल्पसंख्यक, दलित, पीड़ित, गरीब सहित विभिन्न समुदायों के लोगों को अब सुरक्षा प्रदान की जा सकेगी. हाजी हिदायतुल्लाह खान ने कहा कि झारखण्ड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने इस कानून को पारित कर एक नज़ीर पेश की है जिसका अनुसरण अन्य राज्यों को भी करना चाहिए.




