
रायपुर/रांची : छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सीआरपीएफ और नक्सलियों के बीच हुई झड़प में सीआरपीएफ के एक जवान शहीद हो गये. शहीद जवान झारखंड का रहने वाले असिस्टेंट कमांडेंट एसबी तिर्की है. वे सीआरपीएफ 168 बटालियन में तैनात थे. वहीं एक जवान घायल हो गये. बसागुड़ा थाना क्षेत्र के पटुकेल जंगल में नक्सलियों के होने की सूचना के बाद स्थानीय पुलिस के साथ सीआरपीएफ 168 बटालियन की टीम गयी थी. इस दौरान नक्सलियों के साथ भीषण मुठभेड़ हुई, जिसमें झारखंड के रहने वाले सीआरपीएफ के असिस्टेंट कमांडेंट एसबी तिर्की को गोली लग गयी, जिससे उनकी मौत हो गयी. वहीं, नक्सली भागते वक्त आइइडी ब्लास्ट कर दिया, जिसमें 4 लोग घायल हो गये, जिनको एयरलिफ्ट कर रायपुर ले जाया गया है, जहां उनका बेहतर इलाज किया जा रहा है.
लोहरदगा में नक्सलियों ने फिर किया आइइडी ब्लास्ट, दो जवान घायल
झारखंड के लोहरदगा में नक्सलियों ने लगातार दूसरे दिन आइइडी ब्लास्ट कर दिया, जिसमें कोबरा बटालियन के दो जवान गंभीर रुप से जख्मी हो गये. उनको वायुसेना के हेलीकॉप्टर से रांची के मेडिका अस्पताल ले जाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है. शुक्रवार को भी नक्सलियों ने वहां आइइडी ब्लास्ट किया था, जिसमें दो जवान घायल हुए थे. शनिवार को काफी सतर्कता के बावजूद नक्सलियों ने अपनी हिम्मत दिखायी और एक और ब्लास्ट पुलिस पर कर दिया, जिससे वे लोग घायल हो गये. दूसरे दिन की घटना बुलबुल जंगल में घटी है.








