रांची : दिवंगत जगरनाथ महतो की पत्नी बेबी देवी ने सोमवार को राजभवन के दरबार हॉल में मंत्री पद की शपथ ली. राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने बेबी देवी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. बेबी देवी ने हिंदी में पद और गोपनीयता की शपथ ली. इस अवसर पर सीएम हेमंत सोरेन, राज्य के कई कैबिनेट मंत्री और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे. बेबी देवी की उम्र लगभग 50 साल है. उन्होंने इंटर तक शिक्षा प्राप्त की है. बताते चले कि 6 अप्रैल को चेन्नई में इलाज के दौरान शिक्षा और उत्पाद मंत्री जगरनाथ महतो का निधन हो गया था. वे डूमरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक थे. उनके निधन के लगभग 90 दिनों के बाद बेबी देवी को मंत्री बनाने का फैसला किया गया. शपथ ग्रहण समारोह में स्वर्गीय जगरनाथ महतो के समर्थकों ने उनके नाम के नारे लगाए. साथ ही बेबी देवी के पद ग्रहण करने को लेकर लोगों के बीच काफी उत्साह था. (नीचे भी पढ़ें)
कई समर्थक इस दौरान उपस्थित रहे. मंत्री पद को लेकर जगरनाथ महतो के बेटे के नाम पर चर्चा थी पर कम उम्र होने के कारण बेबी देवी को राज्य सरकार ने यह जिम्मेदारी दी है. राजभवन आने से पहले बेबी देवी रजरप्पा मंदिर पहुंची और मां छिन्नमस्तिका की पूजा अर्चना की और राज्य के खुशहाली के लिए कामना की. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने विशेषाधिकार का उपयोग करके बेबी देवी को मंत्री बनाया है. संविधान के अनुसार कोई मुख्यमंत्री अपने विशेषाधिकार का इस्तेमाल करके किसी भी व्यक्ति को 6 महीने के लिए अपने मंत्रीमंडल में शामिल कर सकता है. 6 महीने के बाद व्यक्ति को चुनाव लड़ना होता है. इससे पहले हेमंत सोरेन सरकार ने यह प्रयोग हफीजुल हसन के साथ किया था. बगैर चुनाव लड़े ही उन्हें मंत्री बनाया गया था. यह प्रयोग सफल रहा और उन्होंने मधुपुर उपचुनाव में झामुमो की सीट पर चुनाव लड़ते हुए जीत दर्ज की थी.




