
रांची : दुमका से झामुमो विधायक और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के भाई बसंत सोरेन को चुनाव आयोग द्वारा जारी नोटिस पर विधायक सरयू राय ने प्रतिक्रिया दी है. सरयू राय ने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा है कि बसंत सोरेन पर लगे आरोपों में दम है. उन्होंने अपने स्तर से आरोपों की विवेचना की है. इस बारे में रेलवे के वाणिज्यिक प्रभाग से भी जानकारी ली है. श्री राय ने कहा है कि इनके खनन, व्यवसाय, परिवहन में अनियमितता के पुख्ता प्रमाण मिले हैं. नियमानुसार अवैध साबित आमदनी की वापसी का केस उन पर दर्ज हो सकता है. इसके अलावा विधायक की अयोग्यता के अलावा आपराधिक मुकदमा भी दर्ज हो सकता है. जानकारी हो कि सीएम हेमंत के अलावा विधायक बसंत सोरेन को भी चुनाव आयोग का नोटिस आया है. उन पर माइंस कंपनी का पार्टनर होने की शिकायत है. आयोग ने बसंत सोरेन की सदस्यता समाप्त करने के संबंध में स्पष्टीकरण पूछा है. भाजपा ने आयोग के पास सीएम हेमंत को खनन पट्टा आवंटन के मामले में शिकायत की थी.




