
रांची : झारखंड की राजनीति नयी दिल्ली में चल रही है. नयी दिल्ली में होने वाली इस राजनीति को लेकर झारखड में भी हलचल तेज है. राज्य की प्रमुख विपक्षी पार्टी भाजपा के विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी नयी दिल्ली में है. वे वहां केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, पीयूष गोयल समेत अन्य लोगों से मुलाकात करेंगे. वे राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी मिलेंगे. सांगठनिक कामकाज के अलावा झारखंड की राजनीति में क्या करना है, उसको लेकर विस्तार से चर्चा की गयी. इसके अलावा रांची के भाजपा सांसद संजय सेठ भी नयी दिल्ली में ही है.
दूसरी ओर, कांग्रेस के तीन विधायक भी नयी दिल्ली में ही है. कांग्रेस के विधायक दीपिका पांडेय सिंह, अंबा प्रसाद, बेरमो से विधायक जयमंगल सिंह उर्फ अनूप सिंह भी गये है. ममता देवी भी नयी दिल्ली में ही है. बताया जाता है कि झारखंड में विधायकों की पुलिस द्वारा की जा रही कार्रवाई को लेकर वे लोग गये हुए है. कांग्रेस के प्रभारी आरपीएन सिंह से भी उनकी मुलाकात होगी जबकि कई अन्य नेताओं से भी वे लोग मुलाकात करेंगे. सूत्रों के मुताबिक, प्रदेश अध्यक्ष डॉ रामेश्वर उरांव के खिलाफ लोगो शिकायत लेकर रांची से दिल्ली पहुंच रहे है. इससे पहले भी चार विधायक नयी दिल्ली का दौरा करके लौट आये है. विधायक अनूप सिंह ने कहा कि कोई दिक्कत नहीं है. हम लोग अपने अभिभावकों से मिलने आये है. सरकार को लेकर बिना वजह का कोई कयास लगा रहा है जबकि कांग्रेस में भी पूरी तरह से शांति है.





