रांची : छत्तीसगढ़ प्रवास पर गए झारखंड के विधायक रविवार को विशेष फ्लाइट से रांची लौट आये हैं. एयरपोर्ट से कांग्रेस व झामुमो के 32 विधायक बस में सवार होकर कचहरी स्थित सर्किट हाउस पहुंचे. सभी विधायक सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे और सोमवार को सर्किट हाउस से ही विधानसभा में बुलाये गए सत्र में भाग लेंगे. विधायकों के सर्किट हाउस पहुंचने की खबर मिलने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी उनसे मिलने सर्किट हाउस पहुंचे और सबसे कुशल क्षेम जानने के बाद विधानसभा में होने वाले सत्र की रणनीति बनाई. ज्ञात हो कि झारखंड की राजनीति में हो रहे उठा-पटक के चलते सुरक्षागत कारणों से झारखंड के विधायक पिछले पांच दिनों से रायपुर के मेफेयर रिसोर्ट में ठहरे हुए थे. सभी 32 विधायक रविवार को शाम 4:00 बजे रांची लौट आये. रायपुर से वापस आये विधायकों का स्वागत करने मंत्री सत्यानंद भोक्ता व मिथिलेश ठाकुर एयरपोर्ट पहुंचे थे. (नीचे भी पढ़ें)

झारखंड विधानसभा सत्र को लेकर विधानसभा और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. सत्र के दौरान सुरक्षा में किसी प्रकार की चूक न हो इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है. पूरे परिसर में 500 जवान तैनात किए गए हैं. इसके अतिरिक्त 20 इंस्पेक्टर, 10 डीएसपी रैंक के अधिकारी भी सुरक्षा निगरानी में लगे हुए हैं. मुख्यमंत्री निवास से लेकर विधानसभा तक जगह-जगह पर जवानों को तैनात किया गया है. विशेष सत्र के दौरान ड्यूटी पर तैनात रहने वाले पुलिस पदाधिकारियों और जवानों से मोबाइल का प्रयोग नहीं करने का निर्देश दिया गया है. बिना किसी आवश्यक कार्य के या मनोरंजन करने के उद्देश्य से मोबाइल का उपयोग करते पाये जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. झारखंड में अगले 48 घंटे काफी महत्वपूर्ण है. (नीचे भी पढ़ें)
सोमवार को विधानसभा का विशेष सत्र होना है. सत्र में क्या होने वाला है इस पर कयास लगाया जा रहा है. अटकलें लगाई जा रही हैं कि मुख्यमंत्री स्थानीय और नियोजन नीति के साथ ओबीसी आरक्षण को लेकर कुछ बड़ा फैसला ले सकते हैं. वहीं हेमंत सोरेन को लेकर उठ रही आशंकाओं पर स्थिति साफ करने को लेकर राज्यपाल मिलने गए यूपीए के प्रतिनिधिमंडल से दो-तीन दिन ठहरने की बात कही थी. वैसे तो राज्यपाल अभी दिल्ली में है. चर्चा है वे कि हेमंत सोरेन के विधानसभा की सदस्यता को लेकर केंद्रीय निर्वाचन आयोग के फैसले पर कानून मंत्रालय सहित विधि विशेषज्ञों से राय लेने के लिए गए हैं. राज्यपाल के रांची लौटने पर मुख्यमंत्री के विधानसभा सदस्यता संबंघी मामले की स्थिति भी साफ हो जाने की संभावना है. बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर आईआरबी के जवानों की सुरक्षा लगाई गई है साथ ही रांची एयरपोर्ट से सर्किट हाउस तक भी सरक्षा के पुख्ता इंतजाम किया गया है.






