रांची: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने रिम्स के निदेशक डॉ राजकुमार को हटा दिया है.इसके साथ ही शशिबाला सिंह को रिम्स का अंतरिम प्रभारी निदेशक बनाया गया है. इसकी अधिसूचना जारी कर दी गयी है. शशिबाला सिंह रिम्स शासी परिषद में डीन के पद पर कार्यरत है. मंत्री इरफान ने कहा कि डॉ राजकुमार को प्रशासनिक लापरवाही और सरकारी आदेशों की अनदेखी के कारण उन्हें पद से हटाया गया है. उन्होंने कहा कि रिम्स निदेशक ने विभाग और शासी परिषद की ओर से दिए गए कई जरुरी निर्देशों का पालन नहीं किया है. सरकार की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि रिम्स अधिनियम 2002 के तहत तय किए गए लक्ष्यों को निदेशक पूरा नहीं सके.(नीचे भी पढ़े)
इसलिए उन्हें पद से हटाया गया है. हलांकि सरकार ने उन्हें तीन महीने का वेतन और भत्ता देने का आदेश दिया है. यह फैसला मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मंजूरी के बाद लिया गया है. विदित हो कि डॉ राजकुमार को 31 जनवरी 2024 को रिम्स निदेशक पद पर तीन साल के लिए नियुक्त किया गया था. वहीं डॉ राजकुमार ने इस संबंध में बताया कि उन्हें पत्र मिला है जिसमे पद से हटाने की बात कही गयी है. अभी फिलहाल मैं दिल्ली में हूं. अभी तक सही कारणों का पता नहीं है. वहीं मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि विगत दिनों रिम्स शासी परिषद की बैठक में विभाग की समीक्षा की गयी, जिसमें रिम्स निदेशक की कार्यशैली पर सवाल उठाए गए थे. उन्होंने बताया कि निदेशक ने आदेशों की अनदेखी की, विभागीय कामों को जानबूझकर लटकाया और जिम्मेदारियों से भागते रहे. इसलिए उन्हें पद से हटाने का फैसला लिया गया.



