
रांची : राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमों लालू प्रसाद यादव के दोषी करार होते ही झारखंड के जेल में लालू यादव को बंद कर दिया गया है. इस बीच राजद को नये सिरे से मजबूत बनाने की तैयारी शुरू की गयी है. इसके लिए कवायद तेज किया गया है. झारखंड में विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर बिगुल फूंकने के लिए संगठनात्मक चुनाव के लिए पदाधिकारियों की नियुक्ति कर दी गई है. राजद के राष्ट्रीय निर्वाचन पदाधिकारी ने इसको लेकर अधिसूचना जारी कर दी है. पूर्व मंत्री सुरेश पासवान को झारखंड राजद का राज्य निर्वाचन पदाधिकारी बनाया गया है. वहीं इम्तियाज हुसैन वारसी, पूर्व प्रदेश प्रवक्ता अनिता यादव और गिरजानंद सिंह को सहायक राज्य राजद निर्वाचन पदाधिकारी चुना गया है. सभी को यह आदेश भी दिया गया है कि निर्वाचन संपन्न कराकर सूचना दे. इधर राजद ने राज्य में सदस्यता अभियान को भी हवा देते हुए अभियान को तेज करने का का निर्देश दिया है. इसके लिए संजय सिंह यादव को कमान सौंपते हुए झारखंड राजद का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है.



