रांची: झारखंड सरकार ने मजदूरों के स्वास्थ्य का ध्यान रखने की कवायद शुरू कर दी है. मुख्यमंत्री श्रमिक स्वास्थ्य जांच योजना के तहत निर्माण कार्य में लगे करीब 11 से 12 लाख मजदूरों की स्वास्थ्य जांच मुफ्त में की जाएगी. इस योजना के तहत मजदूरों का स्वास्थ्य कार्ड बनाया जाएगा. इस कार्ड के माध्यम से मजदूरों के दो प्रकार के जांच नि:शुल्क की जाएगी. इस योजना का मुख्य उद्देश्य झारखंड के मजदूरों और उनके परिवार वालों को बेहतर स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराना है.(नीचे भी पढ़े)
हेल्थ कार्ड के माध्यम से ही मजदूरों का पंजीयन होगा. इससे उन्हें नियमित स्वास्थ्य जांच और इलाज का लाभ मिलेगा. जांच के दौरान गंभीर बीमारी का पता चलने पर इलाज की व्यवस्था की जाएगी. जांच की व्यवस्था श्रम विभाग के अधीन आने वाले झारखंड भवन व सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के माध्यम से होगी. जांच पर आने वाला पूरा खर्च बोर्ड वहन करेगा. इसके लिए सरकार ने सूचीबद्ध लोक उपक्रमों के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है. इस योजना पर तीन साल में कुल 470 करोड़ रुपये खर्च होंगे.(नीचे भी पढ़े)
नि:शुल्क होंगी ये जांचें
सीबीसी, ईएसआर, ब्लड ग्रुप एंड आरएच फैक्टर, ब्लड एंड यूरीन शुगर फास्टिंग, स्टूल रूटीन, चेस्ट एक्स-रे, ईसीजी, थाइरॉएड प्रोफाइल, डी डायमर टेस्ट फॉर लंग्स, एएसटी, जीजीटीपी, बिलरुबिन, प्रोटीन, टोटल, कोलेस्ट्रॉल, एचडीएल एलडीएल, वीएलडीएल, ट्राइग्लिसराइड, एचडीएल-एलडीएल रेसियो, सीरम, क्रिएटनीन, ब्लड यूरिया नाइट्रोजन, यूरिक एसिड, एचबीएवनसी, अल्ट्रासाउंड होल एब्डोमेन.



