जमशेदपुर : झारखंड के मुख्य न्यायाधीश की पीठ ने एनएच – 220 के रसुनचोपा से तिरिंग तक के खंड के पुनर्निर्माण से संबंधित जनहित याचिका पर सुनवाई की. झारखंड राज्य सड़क विभाग की ओर से उपस्थित अधिवक्ता ने न्यायालय को आश्वस्त किया कि उक्त सड़क का पुनर्निर्माण कार्य 14 मार्च तक पूर्ण कर लिया जाएगा और इस आश्वासन के आधार पर याचिका का निपटारा किया जा सकता है. हालांकि, याचिकाकर्ता आकाश शर्मा, जो पेशे से अधिवक्ता हैं, स्वयं उपस्थित हुए. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने न्यायालय के समक्ष निवेदन किया कि पुनर्निर्माण कार्य की पूर्णता की स्थिति पर एक स्थिति रिपोर्ट (स्टेटस रिपोर्ट) 14 मार्च के बाद दायर की जाए तथा उसकी एक प्रति याचिकाकर्ता को प्रदान की जाए. इस रिपोर्ट के आधार पर जनहित याचिका का अंतिम निपटारा किया जा सकता है. उच्च न्यायालय ने दोनों पक्षों के वक्तव्यों को रिकॉर्ड किया और मामले को अप्रैल के तीसरे सप्ताह में सूचीबद्ध किया. साथ ही, झारखंड राज्य सड़क विभाग को निर्देश दिया कि स्थिति रिपोर्ट (स्टेटस रिपोर्ट) प्रस्तुत करें.



