रांची : झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन विपक्ष ने जमकर हंगामा किया. सदन के अंदर और बाहर भाजपा विधायकों ने जमकर नारेबाजी की. झारखंड में चल रहे मैट्रिक की परीक्षा के पेपर लीक के मामले में सरकार को विपक्ष ने घेरा. इस मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष पूरी तरह विधानसभा में उलझता रहा जबकि विपक्ष ने गेट पर खड़े होकर नारेबाजी की. भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में हंगामा हुआ. विधानसभा के बाहर तख्तियां लेकर विधायकों ने नारेबाजी की. बाबूलाल मरांडी ने यहां मीडिया से बात करते हुए कहा कि पेपर लीक की घटना बिना सरकार की रजामंदी के नहीं हो सकती है. सरकार के लोग इस काम में शामिल है. ऐसे लोगों की पहचान कर जेल भेजा जाना चाहिए. भाजपा ने तत्काल सीबीआइ जांच की मांग की. (नीचे भी पढ़ें)

जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा दास ने यहां मुखर होकर मुद्दे को उठाया और कहा कि सरकार ने महिलाओं और युवाओं को भ्रमित कर चुनाव जीतने की कोशिश की है. मैट्रिक परीक्षा का प्रश्न प त्र लीक कर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है. वहीं, जेएलकेएम के विधायक जयराम महतो भी हमलावर नजर आये. उन्होंने कहा कि लगातार प्रश्न पत्र लीक की घटना सामने आ रही है. इस तरह की घटना तब तक होगी, जब तक सरकार कमजोर रहेगी और अफसरशाही हावी रहेगी. इस दौरान सत्ता पक्ष सदन के भीतर बचाव की स्थिति में नजर आयी. मैट्रिक परीक्षा के मुद्दे पर भाजपा विधायक सदन की कार्यवाही शुरू होते ही वेल में आकर हंगामा करने लगे. सरकार पर सवाल उठाते हुए विधायकों ने नारेबाजी की तो सरकार के पक्ष में विधायकों ने बचाव का काम किया. मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और चमरा लिंडा ने कहा कि सरकार पूरे मामले की जांच क रही है. धैर्य रखना चाहिए. विपक्ष को राजनीति करने से बाज आना चाहिए और जांच में सहयोग करना चाहिए. (नीचे भी पढ़ें)
निरेल पूर्ति के सवाल पर रामदास सोरेन ने दिया जवाब, कई और सवाल उठे
सदन की कार्यवाही के दौरान स्कूलों में घंटी आधारित शिक्षकों को केंद्र के अनुरूप मानदेय की मांग विधायक निरेल पूर्ती ने की. इस पर मंत्री रामदास सोरेन ने कहा कि नियमावली गठित करने की प्रक्रिया चल रही है. बालू घाट की नीलामी और सप्लाइ पर बहस हुई, जिस पर प्रभारी मंत्री योगेंद्र प्रसाद को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गाइड किया. भाजपा विधायक नीराज यादव और राज सिन्हा ने सदन में मैट्रिक परीक्षा प्रश्न पत्र लीक के मामले में सीबीआइ की जांच की मांग की. बाद में विपक्ष ने हंगामा किया तो दोपहर दो बजे तक भोजनावकाश के लिए सदन की कार्यवाही को स्थगित किया गया. इस दौरान कांग्रेस विधायक प्रदीप यादव ने कहा कि कल्याणकारी योजनाओं को लागू करने में झारखंड देश का अग्रणी राज्य है. इस दौरान प्रदीप यादव ने कहा कि मंईंया सम्मान योजना की पूरे देश में चर्चा है. बिजली बिल माफ, अबुआ आवास योजना ने लोगों के दिलों पर राज कर लिया है. सभी राज्य अब मंईंया योजना को लागू कर रही है. दो बार किसानों का कर्ज राज्य सरकार ने माफ किया है. 2024-2025 में 7625 आवेदन को मंजूरी दी गयी और 738 करोड़ रुपये सब्सिडी लोन दिया गया है ताकि किसानी बेहतर हो सके. इस दौरान राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा की गदयी, जिस पर भाजपा विधायक सीपी सिंह ने सवाल उठाया और कहा कि राज्यपाल से झूठ पढ़ाया गया. शतरंज में वजीर और मनुष्य में यदि जमीर मर गया तो सबकुछ खत्म हो जाता है. सरकार को कम से कम असत्य का पुलिंदा राजयपाल से नहीं पढ़वाना चाहिए था. इस पर हंगामा खड़ा हो गया. झामुमो विधायक उमाकांत रजक और सीपी सिंह में बहस भी हो गयी. इस पर सीपी सिंह ने कहा कि टिकट नहीं मिला तो हाथी उड़ाने की बात बोल रहे है, झामुमो की बोली बोल रहे है. इसके बाद सदन की कार्यवाही को गुरुवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया.














