जमशेदपुर : जमशेदपुर समेत पूरे कोल्हान में शुक्रवार को झमाझम बारिश हुई. इससे लोगों को चिलचिलाती धूप से थोड़ी राहत मिली है. वहीं शुक्रवार को जमशेदपुर के तापमान में 2.6 डिग्री की गिरावट हुई है. इसी के साथ जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 41.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. वहीं शनिवार को भी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान राज्य के उत्तर-पूर्वी तथा दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में गर्जन और वज्रपात के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है. हवा की गति 30-40 किलो मीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी. (नीचे पढ़ें पूरी खबर)
21 से इन जिलों में लू की स्थिति- झारखंड के रांची केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने अगले पांच दिनों का पूर्वानुमान जारी किया है. पूर्वानुमान में बताया है कि 21 मई यानी रविवार से लू (उष्ण लहर) की स्थिति बन रही है. इस दौरान रविवार को राज्य के उत्तर-पश्चिमी यानी पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार और लोहरदहा के साथ दक्षिणी हिस्सों में यानी पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा तथा सरायकेला-खरसावां में में लू चलेगी. वहीं सोमवार को उत्तर पश्चिमी और निकटवर्ती उत्तरी हिस्सों में लू का अलर्ट जारी किया गया है. इसके साथ ही 23 मई मंगलवार को भी उत्तर-पश्चिमी और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में लू को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है.




