जमशेदपुर : झारखंड में इस बार मॉनसून काफी धीमी रफ्तार में है. वहीं झारखंड में अब तक 48 फीसदी कम बारिश हुई है. वहीं 1 जून से 27 जुलाई तक झारखंड में 242.6 एमएम बारिश रिकार्ड की गयी है. सामान्य परिस्थितियों में इस अवधि में 467.4 एमएम बारिश होनी चाहिए थी. वहीं मौसम विभाग के डॉक्टर अभिषेक आनंद के मुताबिक गुरुवार से अगले पांच दिन पूरे झारखंड में अच्छी खासी बारिश होगी. इससे किसानों को राहत मिल सकती है. पिछले 24 घंटे में चाईबासा में सबसे अधिक बारिश, सबसे अधिक तापमान गोड्डा में और सबसे कम न्यूनतम तापमान रांची में रिकॉर्ड किया गया. गुरुवार को जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्यियस रिकॉर्ड किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

बंगाल की खाड़ी में साइक्लोनिक सर्कुलेशन- दक्षिण ओड़िशा और उससे सटे आंध्र प्रदेश में लो प्रेशर एरिया कमजोर हो रहा है. मॉनसून ट्रफ झारखंड के दक्षिण से गुजर रहा है. वहीं उसका वास्तविक पथ बिकानेर, गोड्डा, हराइसन से होते हुए बंगाल की खाड़ी में विस्तार कर रहा है. इस दौरान झारखंड में 27 जुलाई से 31 जुलाई तक भारी बारिश की संभावना है. 29 जुलाई को गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा में, 30 जुलाई को गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, लातेहार, लोहरदगा, रांची, खुंटी, सिमडेगा, पश्चिम सिंहभूम और 31 जुलाई को दक्षिणी यानी पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां में भारी बारिश को लेकर येलो जारी किया गया है.





