रांची: कोल्हान समेत पूरे झारखंड में बुधवार दोपहर अचानक मौसम बदल गया. जहां जमशेदपुर में सुबह से तेज धूप ने लोगों को परेशान किया. वहीं दोपहर होते होते काले घने बादल छा गये. इससे आम लोगों को तेज धूप से निजात तो मिली, लेकिन उमस ने परेशान किया. वहीं रांची केंद्र के मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने तत्कालिक चेतावनी जारी की है. इस दौरान अगले दो से तीन घंटे में राजधानी रांची और खूंटी में मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ बारिश होने की संभावना जारी की गयी है. इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है. हवा की गति 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी. (नीचे भी पढ़ें)
खराब मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क किया गया है. उन्होंने लोगों को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान घर से बाहर न निकलें. अगर घर से बाहर निकल चुके हैं, तो किसी न किसी पक्की छत के नीचे शरण ले लें. पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहें. खराब मौसम में मोबाईल जैसे इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस का इस्तेमाल न करें. किसानों को मौसम वैज्ञानिकों ने खेतों में नहीं जाने की सलाह दी है. कहा है कि जब तक मौसम सामान्य न हो जाये, तब तक खेतों में न जायें.



