रांची / जमशेदपुर : कोल्हान समेत पूरे झारखंड में एक बार फिर से मौसम बदलने का अनुमान है. जिसे लेकर मौसम विभाग के रांची केंद्र के मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने पूर्वानुमान जारी किया है. उन्होंने बताया है कि राज्य में अगले दो दिन अधिकतम तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. इसके पश्चात अगले 3 दिनों में इसमें वृद्धी होगी. वहीं 6 मार्च शुक्रवार को दोपहर या शाम के बाद राज्य में आंशिक बादल छाये रहेंगे. वहीं 7 से 10 मार्च के बीच कई जिलों में बूंदाबांदी की संभावना है. गुरुवार सुबह 8.30 बजे तक चाईबासा का अधिकतम तापमान सबसे अधिक 36.4 डिग्री सेल्सियस और गुमला का तापमान सबसे कम 11.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. रांची का अधिकतम तापमान 30 डिग्री, जमशेदपुर का 35.1 डिग्री, डाल्टेनगंज का 35.2 डिग्री, बहरागोड़ा का 34.3 डिग्री, सरायकेला का 35.8 डिग्री और जगन्नाथपुर का 33.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया. (नीचे भी पढे़ं)
इन जिलों में बारिश का अनुमान – 7 मार्च को राज्य के पश्चिम सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला खरसावां जिले में बारिश का अनुमान है. वहीं 8 मार्च को रांची, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, देवघर, दुमका, पाकुड़, गोड्डा, साहेबगंज, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिम सिंहभूम और सरायकेला में मेघ गर्जन के साथ बूंदाबांदी की संभावना है. 9 मार्च को बोकारो, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, धनबाद, जामतारा, देवघर, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहेबगंज में बारिश का अनुमान है. 10 मार्च को देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामतारा, पाकुड़ और साहेबगंज का मौसम बदला रहेगा.






