
रांची : झारखंड की सत्ताधारी झामुमो ने भाजपा के परिदर्शन नाम के कार्यक्रम पर झारखंड के जिलावार दौरा को लेकर कड़ी आपत्ति जतायी है. झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य और बिनोद कुमार पांडेय ने संयुक्त रुप से राजधानी रांची में संवाददाता सम्मेलन करते हुए कहा कि पंचायत चुनाव को लेकर राज्य में आचार संहिता लागू है. भाजपा के केंद्रीय मंत्री परिदर्शन के नाम पर झारखंड का भ्रमण कर दौरा कर रहे है और अधिकारियों के साथ योजनाओं की समीक्षा कर रहे है. यह आपत्तिजनक है और चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन है. गुमला में 13 और 14 अप्रैल को केंद्रीय मतस्य मंत्री पुरुषोत्तम रुपाला कार्यक्रम में शामिल हो रहे है जबकि जिले के अधिकारियों को सरकारी योजनाओं की जानकारी लेने के बहाने बुला रहे है. केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी 17 और 18 अप्रैल को दुमका और गिरीडीह जा रही है. केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री राजकुमार रंजन सिंह 19 और 21 अप्रैल को राज्य के दौरे पर आने वाले है. केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का भ्रमण कार्यक्रम घोषित हुआ है. यह चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन है. इसको लेकर वे लोग चुनाव आयोग के पास जायेंगे और कानूनी कार्रवाई करने की मांग करेंगे. झामुमो के प्रवक्ता ने कहा कि पिछले दिनों आइएएस और आइपीएस अधिकारियों को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के लिए केंद्र का सीधा-सीधा नियंत्रण का निर्देश दिया गया है, ऐसे में अधिकारियों परर दबाव पहले ही बना दिया जा रहा है. अब केंद्रीय मंत्रियों का दौरा कराया जा रहा है. इन दोनों ने कहा कि भाजपा के मंत्री राज्य के दौरे पर इससे पहले नहीं आये थे, लेकिन पंचायत चुनाव में जरूर वे लोग आ रहे है. पैसे और पावर का उपयोग कर किसी तरह पंचायतों में अपना दबाव बनाना चाहते है. पंचायती राज व्यवस्था और ग्रामसभा पर भाजपा सीधे सीधे हमला बोलना चाहती है. जहां भाजपा की सरकारें है, वहां संविधान को खत्म किया जा रहा है. गैर भाजपा शासित राज्यों में संविधान की धारा को तोड़ने का काम किया जा रहा है. सुप्रियों ने पूछा कि भाजपा संविधान को बनाये रखना चाहती है या नहीं चाहती है.





