
रांची : झारखंड मुक्ति मोर्चा अभी से ही 2024 के लोकसभा चुनाव की तैयारियां शुरू कर देगा. इसको लेकर सारे बड़े नेताओं को कमान सौंप दी गयी है. इस दौरान सरकार के कार्यों को जनता तक ले जाने को कहा गया है जबकि सभी नेताओं को कहा गया है कि वे लोग विपक्षी पार्टियों को करार जवाब दें. किसी भी हाल में किसी भी बयान का या आरोप का जवाब देने को कहा गया है. रांची के हरमू स्थित सोहराय भवन में आयोजित इस बैठक में झामुमो के केंद्रीय अध्यक्ष शिबू सोरेन, कार्यकारी अध्यक्ष सह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, सांसद, विधायक और केंद्रीय पदाधिकारी मौजूद थे. इस दौरान इन लोगों को कहा गया है कि किसी भी हाल में जीरो टोलरेंस पर पार्टी काम करेगी. बैठक में संगठन को मजबूत करने, सदस्यता अभियान को चलाने का फैसला लिया गया. तीन साल पूरे होने पर सरकार के कार्यों को और धारदार बनाने को लेकर फैसला लिया गया. इसके अलावा 1932 के खतियान और स्थानीयता जैसे मसलों पर पार्टी ने मुख्यमंत्री और सरकार का समर्थन किया. कई नेताओं को यहां कई तरह के कार्य भी बाटे गये. इस बैठक में केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय,राज्यसभा सांसद महुआ मांजी, विधायक नलिन सोरेन, विधायक सीता सोरेन, बैजनाथ राम, लोबिन हेंब्रम, सभी जिलाध्यक्ष व प्रखंड अध्यक्ष सहित कई नेता मौजूद थे.





