रांची : झारखंड राज्य के अंतरराष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट स्टेडियम का सपना पूरा करने वाले अमिताभ चौधरी की पुण्यतिथि बुधवार को है. इसको लेकर जेएससीए स्टेडियम परिसर में कई कार्यक्रम के आयोजन की तैयारी थी. वहीं इन कार्यक्रमों का अमिताभ चौधरी के पुत्र अभिषेक चौधरी ने विरोध किया है. इस संबंध में उन्होंने रांची के उपायुक्त को पत्र लिखकर कार्यक्रम रोकने की बात कही है. पत्र में अभिषेक ने स्पष्ट रूप से कहा है कि जेएससीए उनके पिता की पुण्यतिथि को भुनाने में लगा हुआ है. उनके पिता जिन आडंबरों से हमेशा दूर रहे, आज जेएससीए वही सब काम कर रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने इन कार्यक्रमों पर रोक लगाने को कहा है. उन्होंने जेएससीए और सीसीसी पर निजी शोक कार्यक्रम का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया है. साथ ही अभिषेक ने जेएससीए परिसर में पिता की प्रतिमा लगाने का भी विरोध किया है. इस संबंध में रांची के उपायुक्त राहुल सिन्हा ने रोक लगाते हुए किसी भी प्रकार के धार्मिक अनुष्ठान और गतिविधि करने पर रोक लगा दी है. साथ ही जिला प्रशासन ने पुलिस बल के साथ एक मजिस्ट्रेट तैनात करने का आदेश दिया है. बताते चले कि बुधवार को जेएससीए इंटरनेशलन क्रिकेट स्टेडियम कॉप्लेक्स में सुबह 11 से एक बजे तक हवन कार्यक्रम, एक से तीन बजे तक प्रसाद वितरण और 3:30 से 5:30 बजे तक भजन संध्या का आयोजन किया जाना था.



