जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र के परदेसीपाड़ा इलाके में मंगलवार सुबह से कर्नाटक पुलिस की कार्रवाई चल रही है. बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई कर्नाटक के बिदर में हुए चर्चित एटीएम कैश वैन लूटकांड से जुड़ी है. हालांकि सोनारी में चल रही कार्रवाई को लेकर स्थानीय पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. जानकारी के अनुसार 16 जनवरी 2025 को बिदर के शिवाजी चौक के पास एसबीआई एटीएम में कैश डालने पहुंची सीएमएस कैश लॉजिस्टिक की टीम पर हथियारबंद बदमाशों ने हमला कर दिया था. बदमाशों ने कैश डिलीवरी स्टाफ पर मिर्च पाउडर फेंकने के बाद गोलीबारी की और कैश से भरा ट्रंक लेकर बाइक से फरार हो गए थे. इस दौरान करीब 83 से 93 लाख रुपये की लूट की बात सामने आई थी. घटना में दो सुरक्षा गार्डों को गोली लगी थी. सुरक्षा गार्ड गिरी वेंकटेश की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दूसरे गार्ड शिव काशीनाथ गंभीर रूप से घायल हुए थे. इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई. बताया जा रहा है कि मामले की जांच के दौरान कर्नाटक पुलिस ने दो आरोपियों आलोक कुमार और अमन कुमार को बिहार के वैशाली से गिरफ्तार किया है. सूत्रों के अनुसार दोनों आरोपी अप्रैल में जमशेदपुर आए थे और करीब एक सप्ताह पहले तक सोनारी के परदेसीपाड़ा इलाके में किराए के कमरे में रह रहे थे. (नीचे भी पढ़ें)

अब कर्नाटक पुलिस दोनों आरोपियों को जमशेदपुर लेकर पहुंची है. बताया जा रहा है कि लूट की रकम और मामले से जुड़े अन्य साक्ष्यों की बरामदगी को लेकर सोनारी के परदेसीपाड़ा में कार्रवाई की जा रही है. पुलिस करीब 19 महीने से इस मामले में आरोपियों की तलाश कर रही थी. मामले में कुल चार आरोपियों के शामिल होने की बात सामने आ रही है जबकि कथित मास्टरमाइंड अभी भी फरार बताया जा रहा है. पुलिस उसकी तलाश में जुटी है. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस जांच के अनुसार इसी दिन आरोपियों ने हैदराबाद में एक ट्रैवल एजेंसी के मैनेजर पर भी गोली चलाई थी. इस घटना को भी बिदर एटीएम लूटकांड से जोड़कर जांच की गई. पुलिस ने लूट में इस्तेमाल हथियार, बैग और कुछ नकदी बरामद किए जाने की जानकारी भी दी थी. फिलहाल सोनारी के परदेसीपाड़ा में कर्नाटक पुलिस की मौजूदगी और कार्रवाई जारी है. पुलिस की ओर से आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही कार्रवाई और बरामदगी से जुड़े अन्य तथ्यों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा.




