
चाईबासा : खूंटपानी प्रखंड कार्यालय स्थित सभागार में प्रखंड विकास पदाधिकारी सुनीला खलखो की अध्यक्षता में ‘सबकी योजना-सबका विकास’ अंतर्गत ग्राम पंचायत सुविधा दल गठित करने के लिए बैठक सह प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बैठक में अंचलाधिकारी, खूंटपानी रवि आनंद समेत प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी एवं अभियंता उपस्थित थे। बैठक में मूल रूप से ग्राम पंचायतों के समग्र विकास के लिए ग्राम पंचायत योजना 2020-21 की रूपरेखा तैयार करने संबंधी विषयों पर चर्चा की गयी। इसके साथ ही जनवरी 2020 में होने वाले सर्वेक्षण कार्य के लिए प्रखंड एवं पंचायत कर्मियों द्वारा संबंधित विभागीय डाटा प्रखंड कार्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।

बैठक के बाद प्रखंड विकास पदाधिकारी ने जानकारी दी कि ग्राम पंचायतों के समग्र विकास कार्य से संबंधित विभिन्न स्तर पर यथा पंचायत स्तर, वार्ड स्तर पर सुविधा दल का गठन करते हुए उन्हें प्रशिक्षित करने के उद्देश्य से प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा। प्रशिक्षण देने हेतु बैठक में कनीय अभियंताओं को चिन्हित कर लिया गया है, जिनके द्वारा 30 दिसंबर से 4 जनवरी 2020 तक अलग-अलग पंचायत भवनों में प्रशिक्षण देने का कार्य किया जाएगा। सुविधा दल में स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, रोजगार सेवक, संबंधित वार्ड के सदस्य, मनरेगा का मजदूर, एन.आर.एल.एम ग्राम संगठन के सदस्य तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं को शामिल किया गया है।
प्रखंड विकास पदाधिकारी ने बताया कि बैठक में जनसंख्या से संबंधित, भूमि संरक्षण विभाग, कृषि विभाग, लघु सिंचाई विभाग, पशुपालन एवं मछली पालन विभाग, ग्रामीण आवास विभाग, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, बिजली विभाग, शिक्षा विभाग, आपूर्ति विभाग, कल्याण विभाग, बाल विकास परियोजना, स्वास्थ्य विभाग, लघु एवं कुटीर उद्योग विभाग, सहकारिता विभाग सहित अंचल / प्रखंड से संबंधित कार्यक्रमों एवं आंकड़ों के प्रगति प्रतिवेदन की समीक्षा की गई।







