
जमशेदपुर : भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निदेशानुसार वर्तमान में विशेष संक्षिप्त मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम 2022 चल रहा है. इसी क्रम में गुरुवार को प्रमंडलीय आयुक्त सिंहभूम (कोल्हान) मनोज कुमार द्वारा सुपर चेकिंग के दौरान 46 पोटका विधानसभा क्षेत्र एवं 47 जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र का क्षेत्र भ्रमण किया गया. इस दौरान उन्होने डोर टू डोर जाकर मतदाताओं से संवाद स्थापित करते हुए उनके घर मे बीएलओ आये थे या नहीं, इसकी जानकारी ली तथा बीएलओ द्वारा गरुड़ा एप से भरे गए प्रपत्रों की जांच की गई. साथ ही कोई मिलेनियम मतदाता जिसकी उम्र 18 वर्ष पूर्ण हो गयी हो उनका नाम मतदाता सूची में जुड़ा या नहीं इसकी जांच की गई. इस दौरान आयुक्त द्वारा विभिन्न मतदान केन्द्रों में प्राप्त प्रपत्र 6, 7, 8 एवं 8 ए की संख्या की भी समीक्षा की गई. आयुक्त ने कहा कि 27 नवंबर और 28 नवंबर को आयोजित होने वाले विशेष कैम्प में सभी योग्य मतदाता से प्रपत्र 6, 7, 8 एवं 8 ए प्राप्त करना सुनिश्चित करें. साथ ही उन्होंने विशिष्ट बिंदूओं पर पूरी सजगता के साथ कार्य करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. इस दौरान एडीएम लॉ एंड ऑर्डर, उप निर्वाचन पदाधिकरी, बीडीओ एवं सीओ पोटका तथा जमशेदपुर सदर उपस्थित थे.




