
जमशेदपुरः लॉकडाउन के समय ऑनलाइन क्लास से वंचित छात्र- छात्राओं को पुनः ऑनलाइन पढ़ाई की अनुमति देने की मांग को लेकर जमशेदपुर अभिभावक संघ की ओर से जिले के उपायुक्त कार्यालय के समक्ष विरोध प्रदर्शन किया गया. इस दौरान संघ की ओर से जिले के उपायुक्त को एक मांग पत्र भी सौंपा गया. जहां सौंपे गए ज्ञापन के माध्यम से संघ के अध्यक्ष डॉ उमेश कुमार ने बताया, कि सोनारी स्थित आरएमएस स्कूल प्रबंधन की ओर से लगभग दर्जन भर बच्चों को फीस नहीं जमा करने के कारण ऑनलाइन क्लास से वंचित कर केंद्र और राज्य सरकार के आदेशों का खुला उल्लंघन किया गया है. इन छात्रों में भूमिका नाग लाहरी (5ए), वनशिका नाग लाहरी (5ए), आर्यन वर्मा (5बी), अकांक्षा (2ए), शुभम मुण्डा (3ए), अंजली (2ए), तनीश शेनापति (6बी), राजीव (3बी), ऋषि शेनापति, पृथ्वी (8ए), अनुष्का कुमार (12बी) के बच्चे शामिल है. उन्होंने जिले के उपायुक्त को सौंपे गए ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराते हुए संघ के अध्यक्ष डॉ उमेश कुमार ने बताया, कि अगर उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ जोरदार आंदोलन किया जाएगा.



