
जमशेदपुर : पाकिस्तान में स्थित ननकाना साहिब गुरुद्वारा में पिछले शुक्रवार को हुई पत्थरबाजी और वहां के सिखों को कट्टरपंथियों द्वारा दी जा रही धमकी के खिलाफ शहर के सिख समुदाय में आक्रोश है. इस घटना के खिलाफ शनिवार को सिख समुदाय के लोग दोपहर 12:00 बजे साकची गुरुद्वारा में एकत्र हुए. वहां से जुलूस की शक्ल में सभी उपायुक्त कार्यालय पहुंचे और घटना पर विरोध जताते हुए प्रदर्शन किया. इस दौरान सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, जमशेदपुर की ओर से उपायुक्त को एक ज्ञापन सौंपा गया. ज्ञापन में घटना की निंदा करते हुए कहा गया है कि पाकिस्तान में ननकाना साहिब गुरुद्वारे पर कट्टरपंथियों द्वारा पत्थरबाजी की गयी है. साथ ही उनके द्वारा वहां रह रहे सिख समुदाय के लोगों को जान मारने की धमकी दी जा रही है. इसके मद्देनजर कमेटी की ओर से भारत के राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री से ननकाना साहिब व अन्य गुरुद्वारों समेत वहां रह रहे सिख समुदाय के लोगों के पुख्ता सुरक्षा के लिए पाकिस्तान सरकार पर दबाव बनाने की अपील की गयी है. इस दौरान अमरप्रीत सिंह काले, सरदार बलदेव सिंह, कमेटी के प्रधान, सचिव समेत सभी पदाधिकारी, सदस्य एवं काफी संख्या में सिख समुदाय के लोग उपस्थित थे.








