
पाकुड़ : झारखंड में धर्मांतरण को लेकर अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की गयी है. पाकुड़ जिले की पुलिस ने जबरन ईसाई धर्म अपनाने के लिए एक परिवार पर दबाव देने वाले दो लोगों को गिरफ्तार किया है. इस मामले में पुलिस पांच लोगों के खिलाफ एफआइआर दायर किया है. इस मामले में पुलिस तीन अन्य लोगों को गिरफ्तार करने के लिए लगातार छापामारी कर रही है. पाकुड़ के एसपी राजीव रंजन सिंह ने इस बारे में बताया कि हिरणपुर थाना क्षेत्र के घाघरजानी निवासी मंगल हांसदा का पुत्र छविलाल हांसदा ने एक आवेदन दिया था. इस आवेदन में उसने बताया था कि बाबूजी हांदा, मार्शल हांसदा, लुखीमुनी टुडू, लखीराम हांसदा और उनकी पत्नी के साथ हीरामुनी मुर्मू उन पर ईसाई धर्म परिवर्तन करने का दबाव दे रहे है और ईसाई धर्म नहीं अपनाने पर परिवार के लोगों को मार डालने की धमकी दे रहे है. इस मामले को एसपी राजीव रंजन सिंह ने गंभीरता से लिया और थाना प्रभारी हिरणपुर को निर्देशित किया कि बड़ी कार्रवाई करें. इसके आधार पर थाना प्रभारी बृजमोहन राम के नेतृत्व में पुलिस ने बाबूजी हांसदा और लखीराम हांसदा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.
















