
जमशेदपुर: दुर्गा पूजा से पूर्व रेलवे बोर्ड झारखंड से बिहार के लिए कई ट्रेनें चलाने की कवायद शुरू कर रहा है. यह ट्रेन रांची और जमशेदपुर से बिहार के लिए चलेगी. इससे दुर्गा पूजा, दीपावली व छठ महापर्व के समय बिहार के अलग-अलग शहरों के लिए जाने वाले लोगों को काफी सुविधा होगी. पटना, मुजफ्फरपुर रेलखंड पर ट्रेन नहीं चलने से छठ पर्व पर अपने गांव जाने वाले लोग अभी से चिंतित हैं. रांची-पटना जनशताब्दी एक्सप्रेस पहले चल रही थी, लेकिन राज्य सरकार ने कोरोना संक्रमण को देखते हुए प्रतिबंध लगा दिया. पूजा को देखते हुए उस ट्रेन को फिर से रांची से चलाने की तैयारी की जा रही है. इसके साथ ही दूसरी ट्रेनें भी चलाने की तैयारी की जा रही है.
रेलवे बोर्ड के आदेश का इंतजार है. बताते हैं कि जल्दी जनशताब्दी एक्सप्रेस को चलाने के लिए कोई ठोस निर्णय ले लिया जाएगा. इसी तरह टाटा-दानापुर एक्सप्रेस को भी चलाने की कवायद शुरू है. लाकडाउन से पहले रांची से 54 जोड़ी ट्रेन खुलती थी. अभी रांची से सिर्फ एक ट्रेन रांची-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस ही चल रही है. लेकिन जंमशेदपुर से एक भी ट्रेन नहीं चल रही है. रेलवे सूत्रों का कहना है कि दूसरे चरण में रांची डिवीजन से चलाने के लिए प्रस्तावित छह ट्रेनों को दौड़ाने की तारीख का ऐलान जल्द होगा. इनमें से दो ट्रेन रांची स्टेशन से और चार हटिया स्टेशन से चलेंगी. इसी तरह टाटानगर स्टेशन से चार ट्रेन चलाने की कवायद शुरु है. इसमे टाटा- दानापुर, टाटा-यशंवतपुर, स्टील एक्सप्रेस और एक अन्य सवारी गाड़ी शामिल है. इसके अलावा हावड़ा- पुणे दुरर्तों एक्सप्रेस भी चलाने की योजना है.






