
कौशल कुमार
जमशेदपुर : झारखंड से राज्यसभा की दो खाली सीटों के लिए मतदान 19 जून को होंगे. झारखंड में राज्यसभा की दोनों सीटें राजद के प्रेमचंद गुप्ता और निर्दलीय परिमल नथवानी के कार्यकाल पूरे होने के कारण खाली हुई है. 26 मार्च को चुनाव होना था. लॉकडाउन के कारण इसे टाल दिया गया था. राज्यसभा चुनाव में वोटों के गणित के आधार पर झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दीपक प्रकाश की जीत तय मानी जा रही है. कांग्रेस उम्मीदवार शहजादा अनवर भी चुनाव मैदान में हैं. क्रॉस वोटिंग नहीं होने पर कांग्रेस उम्मीदवार का जीतना मुश्किल है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के दुमका विधानसभा सीट छोड़ने और कांग्रेस के बेरमो विधायक राजेंद्र सिंह के निधन से 81 सदस्यों वाली विधानसभा में अभी 79 सदस्य ही हैं. दो सीटों के चुनाव में जीत के लिए उम्मीदवार को 27 वोटों का अंक पाना जरूरी है. 29 विधायकों वाली पार्टी झामुमो के उम्मीदवार शिबू सोरेन की जीत नामांकन के साथ ही तय हो गई थी. 25 विधायकों वाली भाजपा के उम्मीदवार प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश भी वोटों के गणित में जीत के लिए आश्वस्त हो गए हैं. 15 विधायकों वाली कांग्रेस के उम्मीदवार के लिए झामुमो के दो अतिरिक्त वोट, राजद के एक और माले के एक वोट को भी गिन लें तो यह संख्या 19 तक पहुंचती है. प्रदीप यादव और बंधु तिर्की के वोट को भी जोड़ लिया जाए तो संख्या 21 से आगे नहीं बढ़ती है. इसके अलावा कमलेश सिंह भी कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करते है तो भी 22 का तक पहुंच सकता है. विधायक सरयू राय ने रास चुनाव में आम सहमति बनाए रखने के लिए कांग्रेस के उम्मीदवार को अपना नाम वापस लेने की सलाह दी ताकि रास चुनाव में हॉस ट्रेडिंग का मामला नहीं आ जाए. इस बारे में कांग्रेस विधायक दल के नेता सह मंत्री आलम गिर आलम ने कहा कि हमारा प्रयास होगा कि रास चुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार की जीते. बाबूलाल मरांडी के भाजपा में शामिल होने और आजसू के दो विधायकों तथा दीपक प्रकाश के प्रस्तावक बने अमित यादव के समर्थन के कारण 25 विधायकों वाली भाजपा को 29 वोट पाने की उम्मीद है. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के विधायक कमलेश सिंह अभी तक अपना पत्ता नहीं खोल पाए हैं.
सत्ता पक्ष का अंकगणित
झामुमो : 29
कांग्रेस : 15
राजद : 01
माले : 01
झाविमो से जीते : 02
विपक्ष का अंकगणित
भाजपा+बाबूलाल मरांडी : 26
आजसू : 02
निर्दलीय अमित यादव : 01
पक्ष तय नहीं : राकांपा
विधायक कमलेश सिंह : 01





