सरायकेला : सरायकेला थाना अंतर्गत सरायकेला-कांड्रा मुख्य मार्ग पर गेस्ट हाउस के पास रविवार को 2 बजे के करीब घटी एक सड़क दुर्घटना में पिकअप वैन सवार 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई. सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीन घायलों को एमजीएम रेफर कर दिया गया है. (नीचे भी पढ़ें)

घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि पिकअप वैन (संख्या जेएच 05 सीक्यू- 8649) से एक ही परिवार के लोगों को पश्चिमी सिंहभूम के हाट गम्हरिया से शादी समारोह में शामिल होने चांडिल जा रहे थे. इसी दौरान गेस्ट हाउस के पास सड़क पर सामने से बकरी आ गई. पिकअप वैन चालक बकरी को बचाने का प्रयास करने लगा. इसी दौरान सामने से आ रही गाड़ी से बचने के लिए पिकअप चालक ने तेजी से ब्रेक मारा, जिससे पिकअप वैन बीच सड़क पर ही पलट गई, जिसमें वैन पर सवार सात लोग जख्मी हो गये.(नीचे भी पढ़ें)

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे सरायकेला थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने सभी घायलों को सदर अस्पताल पहुंचवाया. इनमें कुशो नायक, पूनम नायक और किरण नायक को गंभीर चोटें आई हैं. सदर अस्पताल के चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया. जबकि अन्य घायलों, सुदर्शन गगराई, मुस्कान नायक, उपेंद्र नायक एवं सुधीर खंडाइत का सदर अस्पताल में ही इलाज चल रहा है.



