
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के सरायकेला-कांड्रा मार्ग पर भोलाडीह के समीप सोमवार को भीषण सड़क हादसे में साइकल सवार एक व्यक्ति की मौत हो गयी, जबकि कार चालक सहित एक युवक गम्भीर रूप से घायल हो गए हैं, बताया जाता है कि कांड्रा की ओर से आ रहे सोलह चक्के के ट्रक ने एक साइकिल सवार को ठोकर मारकर सामने से आ रही मारुति अल्टो कार को टक्कर मारते हुए दो सौ फीट तक घसीट कर ले गया.

जिसमें साइकिल सवार व कार चालक समेत तीन व्यक्ति गंभीर रुप से घायल हो गए. वहीं सूचना पाकर मौके पर पहुंची कांड्रा थाना पुलिस ने सभी घायलों को को तुरंत एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर भेजा दिया, जहां उपचार के दौरान साइकिल सवार बृजमोहन तांती की मौत हो गई. कार चालक गंभीर रुप से घायल है और स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है. घटना की सूचना पाकर सरायकेला थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडेय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बार ट्रक में फंसी कार को निकालवाया.

जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ से एक सोलह चक्के का ट्रक सीजी 11 एएल 0962 स्लैग लेकर सरायकेला की ओ जा रहा था. इसी बीच लगभग तीन बजे के आसपास सरायकेला थाना अंतर्गत भोलाडीह में ट्रक चालक ने सामने खड़े एक ट्रक से पास लेने के क्रम में साइकिल से जा रहे बृजमोहन तांती को ठोकर मार दी जिससे असंतुलित होकर ट्रक ने सरायकेला की ओर से आ रही मारुति अल्टो कार जेएच 05जे 1156 को सीधी टक्कर मारकर लगभग दो सौ फीट तक घसीटते हुए ले गया. जिससे साइकिल सवार चमारु के बृजमोहन तांती तथा कार चालक जमशेदपुर धातकीडीह के कृष्णा प्रसाद व उसके साथी शादाब आलम गंभीर रुप से घायल हो गए. घटना की सूचना मिलते ही कांड्रा थाना पुलिस एवं कोलाबीरा पुलिस चौकी के हवालदार घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से तीनों घायलों को उपचार के लिए एंबुलेंस से एमजीएम जमशेदपुर भेज दिया. एमजीएम में बृजमोहन तांती की गंभीर स्थिति को देखते हुए टीएमएच रेफर कर दिया गया जहां जाने के क्रम रास्ते में उसने दम तोड़ दिया. वहीं सरायकेला पुलिस ने ट्रक चालक करम सिंह को गिरफ्तार करते हुए दोनों वाहनों का जब्त कर लिया है.







