
सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिला के चांडिल थाना क्षेत्र के रामगढ़ गांव के पास रविवार तड़के सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई. सुबह करीब 5 बजे मॉर्निंग वॉक पर निकले अर्जुन यादव (45) को एक अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए. दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की सूचना पर चांडिल पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अर्जुन को एंबुलेंस की मदद से तत्काल एमजीएम अस्पताल भेजा. हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. (नीचे देखे पूरी खबर)
अर्जुन यादव मूल रूप से हजारीबाग जिले के बरही का रहने वाले थे. घटना की जानकारी मिलने पर उनके परिजन बरही से जमशेदपुर पहुंचे. पुलिस की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए शव को गांव ले गए. अचानक हुई इस दुर्घटना से परिजन और परिचितों में शोक की लहर है. परिजनों ने बताया कि अर्जुन कई वर्षों से जमशेदपुर में रहकर मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे. वह मानगो में बन रहे फ्लाइओवर ब्रीज परियोजना में मशीन ऑपरेटर के रूप में कार्यरत थे और डीएएफ कंपनी के अधीन काम कर रहे थे. (नीचे देखे पूरी खबर)
रविवार की सुबह वे रोज की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे, तभी तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आ गए. पुलिस ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है, ताकि दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान की जा सके. फिलहाल अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस ने कहा कि जल्द ही वाहन और चालक का पता लगा लिया जाएगा.














