
सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिला के आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड 29 के लोगों के लिए मेयर का अनोखा फरमान जारी किया गया है, जिसके तहत खाना का पैकेट लेनेवालों को ही राशन देने का निर्देश दिया गया है. वैसे वार्ड 29 के महावीर नगर के लोगों ने मेयर के इस फरमान का विरोध करते हुए खाना का पैकेट लेकर पहुंचे मेयर के कार्यकर्ताओं का विरोध कर दिया. घटना रविवार शाम करीब 7:30 बजे की बताई जा रही है. बताया जाता है कि मेयर समर्थक पहले वार्ड के जरूरतमंद लोगों की सूची यह कहकर बनाकर ले गए कि मेयर द्वारा उन्हें राशन उपलब्ध कराया जाएगा, लेकिन देर शाम मेयर के कार्यकर्ता पूरी- सब्जी का पैकेट लेकर महावीर नगर पहुंचे. जहां बस्तीवासियों ने मेयर के कार्यकर्ताओं का जोरदार तरीके से विरोध करते हुए खाना लेने से इनकार कर दिया. वैसे करीब 1 घंटे तक मेयर समर्थक कार्यकर्ताओ और लाभुकों के बीच वाद- विवाद चलता रहा. वहीं घटना की सूचना पाकर दो बार आरआईटी थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कर वापस चली गई. गौरतलब है कि वार्ड 29 की पार्षद राजमणि देवी के निधन के बाद उक्त वार्ड से मेयर अपने पुत्र अभिषेक विशाल को चुनाव लड़ाना चाहते हैं, यही कारण है कि मेयर क्षेत्र में अपनी पकड़ बनाने की जुगत में लगे हुए हैं. हालांकि अन्य वार्डों के जरूरतमंदों को राशन पानी उपलब्ध कराने के बजाय मेयर द्वारा उन्हें दुत्कार कर भगा दिया जा रहा है. लेकिन वार्ड 29 के लोगों के प्रति मेयर सॉफ्ट कॉर्नर बरत रहे हैं. हालांकि आज की घटना से साफ हो गया है कि क्षेत्र में क्षेत्र की जनता मेयर को आईना दिखाने के मूड में है. वही ऐसी भी सूचनाएं मिल रही है कि मेयर समर्थक वार्ड 29 के वैसे लोगों को ही राशन देने में दे रहे हैं जिनका वोटर कार्ड और वार्ड 29 के लिस्ट में नाम दर्ज है.







