सरायकेला : आज 21वीं सदी में भी लोगों की आस्था बड़े कष्टों पर भी भारी पड़ती दिखी. झारखंड के कई जिलों में आज भी आस्था के नाम पर कई ऐसे हैरत अंगेज कारनामे होते हैं, जिन पर सहज विश्वास नहीं होता. ऐसे किसी के शरीर में सुई चुभते ही वह दर्द से बिलबिला उठता है, लेकिन वहीं श्रद्धालुओं की पीठ में कील फंसाकर उसमें बंधी रस्सी से उन्हें बांस के खंभे पर टांग कर गोल-गोल घुमाया जाता है और उसके मुंह से उफ तक न निकलती. कोल्हान के गांवों में होनेवाली चड़क पूजा में शिवभक्त इसका दर्द सहज ही झेल जाते हैं. (नीचे भी पढ़ें)

कोल्हान क्षेत्र में सदियों से चैत्र पर्व मनाने की पर्व की अनूठी परंपरा रही है. इसमें चड़क पूजा भी होती है. सरायकेला प्रखंड के भुरकुली गांव में शुक्रवार को पांच दिवसीय चैत्र पर्व संपन्न हुआ. भुरकुली शिव मंदिर में चैत्र संक्रांति पर हर वर्ष की भांति आज चैत्र पर्व की बुधवार को घटपाट पूजा के साथ शुरुआत हुई. गुरुवार को पाट भोक्ता के साथ बारह भोक्ता उपवास व्रत, शुभ घट, यात्रा घट, गरिया घट, कालिका घट व सती पाट के साथ छऊ नृत्य का आयोजन हुआ.(नीचे भी पढ़ें)

अब इसे कोई अंधविश्वास कहे या अपने आराध्य भगवान शिव के प्रति आस्था की पराकाष्ठा, लेकिन भुरकुली में मन व आत्मा की शांति के लिए शरीर को बेहद कष्ट देने की परंपरा रही है. इस वर्ष भी शिव मंदिर में शुभ घट, यात्रा घट, गरिया घट, कालिका घट, सती घट, अग्निपाट, चड़क पूजा व छऊ नृत्य समेत विभिन्न कार्यक्रमों एवं धार्मिक अनुष्ठानों के साथ चैत्र पूजा हुई. (नीचे भी पढ़ें)
इसमें शिव भक्तों ने मन्नत पूरी होने की खुशी में अपनी पीठ के चमड़े में हुक फंसा कर बल्ली के सहारे आकाश में झूलते हुए अपनी मन्नत उतारी. करीब दो दर्जन भक्तों ने तो ढोल-नगाड़ों की थाप पर आग के शोलों पर नृत्य किया. वहीं कई भक्त बबूल, बेर, बेल की कांटेदार टहनियों की सेज बनाकर उस पर लेटे रहे तो कई लकड़ी के तख्ते पर गड़ी नुकीली कांटियों पर सोकर अपनी मन्नत उतारी.(नीचे भी पढ़ें)
चैत्र संक्रांति के दिन शोभा यात्रा, मोड़ा पाट, चलती गाजाडांग, रजनी फोड़ा, जिव्हा वाण व अग्नि पाट का आयोजन किया गया. इस मौके पर सैकड़ों बकरों की पूजा हुई. आज आयोजित अग्नि पाट में भक्त दहकते अंगारों पर चले. मोड़ा पाट में लकड़ी के तख्ते में ठुकी कीलों पर सोये एक भक्त को अन्य भक्त ढोकर मंदिर तक लाये. चलंती गाजाडांग में चार चक्कों पर बने रथ पर भक्त लोहे के हुक फंसाकर बल्ली से लटकते हुए हवा में गोते लगाये.(नीचे भी पढ़ें)
जख्म पर भर देते हैं सिंदूर
इस रस्म के पूरा होने के बाद पाटुआ या भक्त को नीचे उतारने के बाद उनकी पीठ से कांटे निकाल कर पूजा में इस्तेमाल हुआ सिंदूर भर दिया जाता है. ये न डॉक्टर के पास जाते हैं और न ही उन्हें कोई दवा या सुई दी जाती है, फिर भी इनके जख्म खुद भर जाते हैं.












