चांडिल : सरायकेला खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र के हारूडीह में 24 दिसंबर 2025 को हुए विजय तिर्की हत्याकांड में पुलिस को अहम सफलता मिली है. सूत्रों के अनुसार, मामले की जांच के लिए एसपी द्वारा गठित एसआईटी ने मुंबई से इस सनसनीखेज वारदात के मुख्य शूटर एवं कथित साजिशकर्ता को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस अब जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने की तैयारी में है. जानकारी के मुताबिक, घटना के दिन विजय तिर्की हारूडीह के मुर्गा पाड़ा में अकेले गया था. इसी दौरान पहले से घात लगाए अपराधियों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गयी. इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था. (नीचे भी पढे़ं)
हत्या के पश्चात विजय तिर्की की पत्नी ने लगभग आधा दर्जन नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी. पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल्स और स्थानीय इनपुट के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया. एसआईटी की सक्रियता और समन्वित कार्रवाई के परिणामस्वरूप आरोपी तक पहुंच संभव हो सकी. गिरफ्तारी के बाद पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गयी है. अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के आधार पर अन्य आरोपियों की संलिप्तता, हथियारों की आपूर्ति और साजिश की पूरी कड़ी का जल्द खुलासा किया जाएगा. पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सभी दोषियों को न्याय के कटघरे में खड़ा किया जाएगा.







