
सरायकेला: सरायकेला जिले के प्रभारी डीसी अरवा राजकमल ने शुक्रवार को जन्म- मृत्यु पंजीकरण जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. उन्होंने बताया, कि जन्म- मृत्यु प्रमाण पत्र पंजीकरण सभी के लिए अनिवार्य है.अज्ञानतावश जो लोग इसे नहीं बनवा पाते उन्हें कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है. बच्चों के स्कूल में नामांकन से लेकर दुर्घटना बीमा और पेंशन का लाभ लेने में इसकी अनिवार्यता होती है.
तय समय पर अगर यह प्रमाण पत्र बना लिए जाते हैं, तो उन्हें सरकारी दफ्तरों की खाक नहीं छाननी पड़ती. वहीं विलंब होने पर प्रखंड और एसडीओ कार्यालय का भी चक्कर काटना पड़ता है. साथ ही जुर्माना भी देना पड़ता है. इस जागरूकता रथ के माध्यम से जिले के लोगों को जागरूक करने का काम किया जाएगा. उन्होंने बताया, कि पिछले साल जिले में 1500 जन्म- प्रमाण पत्र और 3800 मृत्यु प्रमाण पत्र बने हैं.






