सरायकेला : उपायुक्त रविशंकर शुक्ला गुरुवार को झमाझम बारिश के बीच कुकडू प्रखंड कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने विकास योजनाओं की समीक्षा करते हुए सभी योजनाओं को तय समय पर पूरा करने का निर्देश दिया. इसके साथ ही, उपायुक्त ने कार्यालय कर्मियों को कार्यशैली में सुधार लाने की हिदायत भी दी. (नीचे भी पढ़ें)
बताते चलें कि लंबे अरसे बाद किसी उपायुक्त ने कुकडू प्रखंड का दौरा किया है. इससे कार्यालय कर्मियों एवं अधिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है. प्रखंड कार्यालय सभागार में उन्होंने बीडीओ राकेश गोप व प्रखंड कर्मियों, मनरेगा कर्मियों के साथ बैठक कर बारी-बारी से जिले में चल रही योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट को लेकर समीक्षा की. इस दौरान उपायुक्त ने “अपनी मिट्टी- अपना देश” कार्यक्रम के तहत मिट्टी संग्रह सहित अन्य योजनाओं की जानकारी ली. (नीचे भी पढ़ें)
उपायुक्त श्री शुक्ला बारिश में ही सुदूरवर्ती गांवों में जाकर योजनाओं का स्थल निरीक्षण भी किया. उन्होंने मिट्टी संग्रह कार्यक्रम में शामिल होकर लोगों का उत्साह वर्धन किया. उन्होंने बताया कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान आज कुकडू प्रखंड कार्यालय में प्रखंड कर्मियों के साथ बैठक कर योजनाओं की समीक्षा की गई. साथ ही गांवों में जाकर योजनाओं का स्थल निरीक्षण भी किया गया. उन्होंने कहा कि आगे और बेहतर कार्य कैसे हो इसको लेकर बीडीओ व अन्य प्रखंड कर्मियों को दिशा-निर्देश दिये गये हैं. उन्होंने कहा कि मनरेगा योजना में अधिक से अधिक मानव दिवस सृजित करने, काम को गुणवत्ता पूर्वक पूरा करने एवं मजदूरों को मजदूरी मिलना सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिये.



