सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत पाकुड़गोड़ा इलाके में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के आभूषण और करीब 65 हजार रुपये नकद की चोरी कर ली. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. मिली जानकारी के अनुसार घर के मालिक राज पांडे अपने परिवार के साथ निजी कार्य से आरा गए हुए थे. इसी दौरान चोरों ने सूने घर का फायदा उठाते हुए दरवाजे का ताला तोड़ दिया और अंदर घुसकर घर में रखे कीमती जेवरात व नकदी पर हाथ साफ कर दिया. जब परिवार को चोरी की जानकारी मिली तो उन्होंने तुरंत 100 नंबर डायल कर पुलिस को सूचना दी. (नीचे भी पढ़ें)

परिजनों का आरोप है कि सूचना मिलने के बाद जब पुलिस मौके पर पहुंची तो जांच करने के बजाय शिकायतकर्ता को ही डांटने लगी. परिजनों के अनुसार पुलिस ने कहा कि 100 नंबर पर कॉल करने के बजाय सीधे गम्हरिया थाना आकर लिखित शिकायत करनी चाहिए थी. (नीचे भी पढ़ें)
इस बड़ी चोरी की घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है. लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और चोरों की तलाश की जा रही है.







