सरायकेला : सरायकेला- खरसावां जिले में लगातार हो रही भारी बारिश ने दो स्थानों पर जानलेवा स्थिति पैदा कर दी है. राजनगर प्रखंड के डांडू गांव और खरसावां थाना क्षेत्र के कोल शिमला गांव में मिट्टी के कच्चे मकान भरभराकर गिर गए. इन हादसों में कुल तीन लोगों की मौत हुई है, जिसमें दो मासूम बच्चे शामिल हैं, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं. राजनगर प्रखंड के डांडू गांव में शुक्रवार की शाम एक मिट्टी का घर अचानक गिर गया. मलबे में दबने से अरविंद लोहार (7) और उसकी मां शांति लोहार (27) की मौत हो गई. घर में मौजूद अन्य आठ सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें 108 एम्बुलेंस के माध्यम से राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया और प्राथमिक उपचार के बाद सात को बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं, खरसावां थाना क्षेत्र के कोल शिमला गांव में भी शनिवार तड़के भारी बारिश के बीच मुन्ना बोदरा के परिवार का मिट्टी का घर धंस गया. इस हादसे में 5 वर्षीय बाजाय बोदरा की मौत हुई और उसके पिता मुन्ना बोदरा (35), मां अनुष्का बोदरा (30) तथा छोटे भाई गुरुवारी बोदरा (2.5) गंभीर रूप से घायल हुए. सभी घायलों का इलाज सरायकेला सदर अस्पताल में चल रहा है. दोनों घटनाओं के बाद गांव में मातम का माहौल है और ग्रामीण भयभीत हैं. प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद का भरोसा दिया है. राजनगर प्रखंड विकास पदाधिकारी मलय कुमार, झामुमो केंद्रीय सदस्य बिसु हेंब्रम और स्थानीय मुखिया घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया. ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रही बारिश ने कच्चे मकानों की नींव कमजोर कर दी है, जिससे और भी घरों के गिरने का खतरा बढ़ गया है.











