
जमशेदपुर : विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद सरायकेला- खरसावां जिला के कपाली नगर परिषद बोर्ड की आठवीं बैठक आयोजित की गई. जिसमें ईचागढ़ की विधायक सविता महतो ने शिरकत की. वैसे आज की बैठक कई मायनों में अहम मानी जा रही है. जहां विधायक सविता महतो ने कई बड़ी घोषणाएं करते हुए कपाली नगर परिषद क्षेत्र वासियों को बड़ी सौगात दी है. विधायक सविता महतो ने बताया की कपाली क्षेत्र के लोगों को अब साफ सफाई के लिए जहां पहले 80 से 100 लगते थे, वहीं अब घरेलू और व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के लिए अलग-अलग दर निर्धारित किए गए हैं. इसके तहत अब घरेलू लाभुकों को 20 रुपए प्रति माह और व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को 50 रुपए प्रति माह देनी होगी. इसके अलावा 21 दिनों के भीतर जन्म- मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए रजिस्ट्रेशन शुल्क एक रुपए और 21 दिनों के बाद प्रमाण पत्र लेनेवालों को दस रुपए चुकाने होंगे. विधायक ने बोर्ड बैठक में मौजूद नगर परिषद के अध्यक्ष और कार्यपालक पदाधिकारी को इस दिशा में पहल शुरू करने का निर्देश जारी कर दिया है उधर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी ने क्षेत्र में पेयजल की समस्या से निजात दिलाने का ब्लू प्रिंट तैयार किए जाने का दावा किया और कहा कि जल्द ही क्षेत्र में साफ पीने का पानी लोगों को मुहैया कराई जाएगी. इसके अलावा कपाली क्षेत्र के लोगों के लिए होल्डिंग टैक्स की व्यवस्था भी की जा रही है वैसे मकान जिनका होल्डिंग टैक्स नहीं बन पाया है उसके लिए वैध दस्तावेज एवं वार्ड पार्षद से लिखित देने पर होल्डिंग टैक्स निर्धारित किए जाने की बात कही. कुल मिलाकर कपाली नगर परिषद की आठवीं बोर्ड बैठक शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया.






